शुरुआती घंटे में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, सीमित दायरे में कारोबार कर रहे सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच सीमित दायरे में कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक उछल कर हरे निशान में पहुंच गए। हालांकि ये तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत और निफ्टी 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, कोल इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी और ओएनजीसी के शेयर 2.40 प्रतिशत से लेकर 1.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर जियो फाइनेंशियल, इंफोसिस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अदानी पोर्ट्स और अडानी इंटरप्राइज के शेयर 1.57 प्रतिशत से लेकर 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,646 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 858 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,788 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 146.36 अंक की कमजोरी के साथ 82,480.40 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण यह सूचकांक पहले 20 मिनट में ही उछल कर हरे निशान में 82,786.40 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 130.75 अंक की मजबूती के साथ 82,757.51 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.50 अंक टूट कर 25,423.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक रिकवरी कर 25,528.45 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 30.40 अंक की तेजी के साथ 25,501.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 1,048.16 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 82,626.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 336.10 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,471.10 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।



