दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों से अरुण जेटली स्टेडियम में की मुलाकात

नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने आज अरुण जेटली स्टेडियम का दौरा करके दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों से मुलाकात की। दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ शनिवार को यहीं आईपीएल का मुकाबला खेलेगी। यह जानकारी उपराज्यपाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की।
उपराज्यपाल ने दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और पूरी टीम से मुलाकात करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर सीजन का दूसरा मैच खेल भावना और जोशपूर्ण तरीके से खेलें।
उपराज्यपाल ने मुंबई इंडियंस के किक्रेटर रोहित शर्मा और सूर्या कुमार यादव से भी इस दौरान मैदान पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में विश्व स्तरीय प्रतिभा और अनुभव को देखना हमेशा उत्साहजनक होता है।
उपराज्यपाल ने कहा कि खेल एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने आशा जताई कि यह मैच सच्ची खेल भावना का उत्सव होगा और राष्ट्रीय राजधानी के सभी प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक अनुभव साबित होगा। इसके अलावा उपराज्यपाल ने अरुण जेटली स्टेडियम के समर्पित ग्राउंड स्टाफ को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे उनके अथक प्रयास और सावधानीपूर्वक की गई तैयारी हर सफल खेल आयोजन की रीढ़ हैं। उनकी कड़ी मेहनत ही यह सुनिश्चित करती है कि हमारे खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए विश्व स्तरीय मैदान तैयार हो।
उपराज्यपाल ने कहा कि आईपीएल के भव्य आयोजन में इन गुमनाम नायकों का योगदान खेल भावना के लिए अपरिहार्य है।



