लगातार तीसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, एक दिन में 1.31 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई निवेशकों की दौलत

नई दिल्ली : पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज लगातार तीसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत सपाट स्तर पर मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली के दबाव में निफ्टी और सेंसेक्स दोनों सूचकांक लाल निशान में गिर गए। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे ये दोनों सूचकांक वापस हरे निशान में पहुंच कर कारोबार करने लगे। बाजार में दोपहर एक बजे के थोड़ी देर बाद तक खरीदारी का जोर बना रहा। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण दोनों सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.21 प्रतिशत और निफ्टी 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 70.51 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 77,998.66 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो, जिसकी वजह से यह सूचकांक 118.22 अंक यानी 0.15 अंक की कमजोरी के साथ 77,809.93 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स ने रफ्तार पकड़ ली।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 462.32 अंक उछल कर 344.10 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 78,272.25 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 177.61 अंक फिसल कर 166.49 अंक की बढ़त के साथ 78,094.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत उछल कर 24,361.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 60 अंक से अधिक टूट कर 17.45 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में 24,299.70 अंक के स्तर तक लुढ़क गया।
इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से लगभग 130 अंक उछल कर 112.25 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,429.40 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 45 अंक से अधिक लुढ़क कर 66.45 अंक की तेजी के साथ 24,383.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान मीडिया सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का मीडिया इंडेक्स दो प्रतिशत उछल गया। इसी तरह ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में भी जम कर खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी में ऑटो इंडेक्स 1.64 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.01 प्रतिशत और एनर्जी इंडेक्स एक प्रतिशत की मजबूती हासिल करने में सफल रहे। इसके अलावा बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में आज जम कर बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.56 प्रतिशत गिर गया। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स 0.73 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसके अलावा एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज खरीदारी का जोर बना रहा, जिसके कारण निफ्टी के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 1.30 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 485.88 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 484.57 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में एनएसई में 2,989 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,842 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,147 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर बढ़त के साथ और 14 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज फाइनेंस 8.32 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 6.27 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 3.85 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.50 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 1.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 2.72 प्रतिशत, एटरनल 2.64 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.34 प्रतिशत, इंफोसिस 2.16 प्रतिशत और विप्रो 1.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।



