Trending

यूपीटी20 ने उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए खोले बड़े अवसर : राजीव शुक्ला

लखनऊ : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यूपीटी20 लीग और यूपीसीए स्पीड हंट पहल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट ने उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच दिया है। उन्होंने कहा कि स्पीड हंट के जरिए राज्यभर से तेज गेंदबाजों की पहचान की गई है, जिनमें इस बार 134 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से लगातार गेंदबाजी करने वाले 38 तेज गेंदबाज यूपीटी20 लीग की नीलामी तक पहुंचे।

 

यूपीटी20 लीग का चौथा सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें उद्घाटन मुकाबला काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला जाएगा।

 

राजीव शुक्ला ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि यूपीटी20 लीग के पिछले तीन सत्रों का प्रभाव अब साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 18 खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लिया और इनमें से कई खिलाड़ियों को यूपीटी20 लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद पहचान मिली। उन्होंने कहा कि आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्काउट्स इस लीग पर लगातार नजर रखते हैं, जिससे यह युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है।

 

उन्होंने यूपीसीए स्पीड हंट की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने प्रदेश के कोने-कोने से प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों को सामने लाने का काम किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपने अनकैप्ड खिलाड़ियों में कम से कम एक खिलाड़ी स्पीड हंट से शामिल करना चाहिए।

 

भविष्य में लीग के विस्तार पर राजीव शुक्ला ने कहा कि फिलहाल छह टीमों वाली लीग सफलतापूर्वक स्थिर हो चुकी है। यदि भविष्य में संचालन परिषद (गवर्निंग काउंसिल) टीमों की संख्या बढ़ाने की सिफारिश करती है, तो एपेक्स काउंसिल इस पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता पहले एक मजबूत और टिकाऊ लीग तैयार करने की रही है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के अधिक से अधिक शहरों तक क्रिकेट पहुंचाना यूपीसीए का लक्ष्य है। इसी सोच के तहत इस बार खिलाड़ियों की नीलामी आगरा में आयोजित की गई। उनका मानना है कि इससे शहर के क्रिकेट ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे प्रदेश में बेहतर क्रिकेट अधोसंरचना विकसित होगी, लीग के विस्तार की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।

 

यूपीटी20 लीग के चौथे संस्करण का उद्घाटन समारोह और शुरुआती चरण के मुकाबले भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर स्थानांतरित होगा, जहां शेष लीग मुकाबलों के साथ-साथ प्लेऑफ और फाइनल का आयोजन होगा।

 

क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबले 3 सितंबर, क्वालिफायर-2 4 सितंबर, जबकि फाइनल और समापन समारोह 6 सितंबर को कानपुर में आयोजित होंगे।

 

24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच शामिल हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगे।

Related Articles

Back to top button