लक्ष्य सेन की दमदार जीत, सिंगापुर ओपन के दूसरे दौर में एंट्री
एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 लाख डॉलर इनामी सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
33 वर्षीय प्रणय, जो विश्व चैंपियनशिप 2023 और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, ने एक घंटे से कुछ अधिक समय तक चले मुकाबले में दुनिया के पांचवें नंबर के इंडोनेशियाई खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को 10-21, 21-12, 21-18 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
क्रिस्टी के खिलाफ पिछले पांच वर्षों में यह प्रणय की पहली जीत है। इससे पहले उन्होंने 2021 इंडोनेशिया ओपन में उन्हें हराया था। अब दूसरे दौर में प्रणय का सामना सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने दुनिया के 24वें नंबर के खिलाड़ी ल्यू गुवांग झू को मात्र 42 मिनट में 21-17, 21-15 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला थाईलैंड के दूसरे वरीय खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसार्न से होगा।
भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की वोंग टिएन सी और लिम च्यू सिएन की जोड़ी को 21-14, 20-22, 21-13 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि, किदांबी श्रीकांत और मालविका बंसोड़ को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा।
पूर्व विश्व नंबर एक और विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत को स्थानीय खिलाड़ी लोह कीन यू के खिलाफ 20-22, 21-19, 17-21 से शिकस्त मिली। इस जीत के साथ लोह कीन यू ने पिछले सप्ताह भारतीय खिलाड़ी के हाथों मिली हार का बदला भी चुका लिया।
चोट के बाद वापसी कर रहीं मालविका बंसोड़ ने चीनी ताइपे की लिन शियांग टी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः उन्हें 21-11, 19-21, 12-21 से हार झेलनी पड़ी। महिला युगल में पांडा बहनें रुतुपर्णा और स्वेतपर्णा भी थाईलैंड की पी ऐमवारीश्रीसाकुल और एस जेनपेंग की जोड़ी के खिलाफ सीधे गेम में 9-21, 17-21 से हारकर बाहर हो गईं।
प्रणय ने जोनाथन क्रिस्टी के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत धीमी की, जिससे इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद क्रिस्टी ने अपनी बढ़त 16-9 तक पहुंचाई और अगले छह में से पांच अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में प्रणय ने शानदार वापसी की। उन्होंने ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बनाई और इसके बाद क्रिस्टी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। दूसरा गेम जीतकर उन्होंने मुकाबला 1-1 से बराबर कर लिया।
निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। शुरुआती दौर में क्रिस्टी 6-3 से आगे थे, लेकिन प्रणय ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 13-11 कर दिया। मुकाबले के अंतिम चरण में क्रिस्टी ने 18-16 की बढ़त बना ली थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने लगातार अंतिम पांच अंक जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।



