ईस्पोर्ट्स विश्व कप शतरंज स्पर्धा में भारत की बढ़ी उम्मीदें, निहाल सरीन क्वालीफाई
भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने चैंपियंस शतरंज टूर लीडरबोर्ड के माध्यम से पेरिस में आयोजित होने वाली आगामी ईस्पोर्ट्स विश्व कप की शतरंज प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
ईस्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट कंपनी एस8यूएल का प्रतिनिधित्व करने वाले सरीन इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वह अब अपने साथी भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इस वर्ष 11 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाली ईडब्ल्यूसी शतरंज प्रतियोगिता में 15 लाख डॉलर (लगभग 14.3 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। ईस्पोर्ट्स विश्व कप का आयोजन 6 जुलाई से 23 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक देशों के 200 क्लबों के 2,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान कुल 718 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि के लिए मुकाबले होंगे।

सीसीटी सत्र की दो प्रमुख प्रतियोगिताओं में स्पीड शतरंज चैंपियनशिप 2025 और शतरंज डॉट कॉम ओपन 2026 शामिल हैं। निहाल सरीन चौथे स्थान पर रहने के कारण सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए थे। वह प्रत्यक्ष क्वालीफिकेशन से केवल एक स्थान पीछे रह गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने 100 लीडरबोर्ड अंक अर्जित किए।
इसके बाद उन्होंने ‘टाइटल्ड ट्यूजडे ग्रां प्री’ सर्किट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए और अंक जुटाए। इसी के दम पर उन्होंने कुल 139 अंक हासिल किए और ईडब्ल्यूसी 2026 में अपना स्थान पक्का कर लिया। निहाल ने सीधे ग्रुप चरण के लिए क्वालीफाई किया है। इस चरण में कुल 16 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिन्हें आठ-आठ खिलाड़ियों के दो समूहों में विभाजित किया जाएगा।



