Trending

मुंह पर कपड़ा बांधकर सरेंडर करने कोर्ट पहुंचा ट्विशा शर्मा का पति समर्थ, पुलिस ने हिरासत में लिया

जबलपुर। ट्विशा शर्मा मामले में आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्य आरोपी समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। सिर पर कैप और मुंह पर कपड़ा बांधे समर्थ सिंह का वीडियो सामने आया। समर्थ सिंह को उनके वकीलों द्वारा बचाया जा रहा था और फिलहाल वह कुछ भी बयान देने से इनकार कर रहे हैं। वहीं, ट्विशा के वकील भी कोर्ट परिसर में मौजूद थे और लगातार विरोध जताते रहे।

 

समर्थ सिंह पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था और लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। इससे पहले समर्थ सिंह के वकील जबलपुर कोर्ट में पहुंचे थे, जहां कोर्ट ने कहा कि मामला भोपाल का है, इसलिए समर्थ सिंह को भोपाल में ही सरेंडर करना चाहिए।

 

AIIMS की टीम करेगी दूसरा पोस्टमार्टम

भोपाल में नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मृत्यु के मामले में 10 दिन फरार रहने के बाद समर्थ सिंह ने सरेंडर किया। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शुक्रवार को निर्देश दिया कि मृतका का दूसरा पोस्टमार्टम दिल्ली AIIMS की डॉक्टर टीम द्वारा कराया जाए। शादी के महज 5 महीने बाद ट्विशा की भोपाल स्थित ससुराल में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हुई थी। 12 मई की रात हुई मौत के बाद से उसका पति समर्थ सिंह फरार था। परिवार ने समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

पूर्व जज गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने बताया कि समर्थ सिंह अपनी जमानत याचिका वापस लेकर ट्रायल कोर्ट के सामने सरेंडर करना चाहते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि ट्रायल कोर्ट उसी दिन जमानत याचिका पर फैसला करे। हाईकोर्ट ने इस मामले में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिकाओं पर यह नोटिस दिया गया।

 

सुसाइड या हत्या?

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने MBA की पढ़ाई की थी और दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में काम करती थीं। शादी से पहले वह तेलुगु फिल्मों और मॉडलिंग में भी सक्रिय थीं। इसी दौरान डेटिंग ऐप पर उनकी मुलाकात समर्थ सिंह से हुई, और दिसंबर 2025 में दोनों ने परिवार की सहमति से शादी की। लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद उनकी रहस्यमय मौत ने पूरे मामले को विवादों और सवालों से भर दिया।

 

सास पर परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा के परिवार का दावा है कि उनकी मौत के अगले दिन सास गिरिबाला ने 46 प्रभावशाली लोगों को कॉल्स किए, जिनमें कुछ ज्यूडिशरी से जुड़े थे। परिवार ने इन कॉल्स को लेकर कई सवाल उठाए हैं।

Related Articles

Back to top button