बांग्लादेश टीम ने रचा इतिहास, पाकिस्तान टीम का 2-0 से सूपड़ा साफ
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सामने पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने घुटने टेक दिए हैं। सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को बांग्लादेश ने 78 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
पाकिस्तान को पहली बार बांग्लादेश में न केवल टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी, बल्कि उसका पूरी तरह सफाया भी हो गया। इससे पहले ढाका में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराया था।
पाकिस्तान को सिलहट टेस्ट के पांचवें दिन जीत के लिए 121 रन की जरूरत थी, जबकि उसके केवल तीन विकेट शेष थे। बुधवार को पाकिस्तान ने 316 रन पर सात विकेट से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन टीम अगले तीन विकेट महज 42 रन जोड़कर गंवा बैठी। पूरी टीम 358 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे हार का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को 75 रन बनाकर नाबाद लौटे विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 94 रन बनाए, लेकिन वह नौवें विकेट के रूप में आउट हो गए। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक छह विकेट अपने नाम किए।
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को चौथी पारी में जीत के लिए 437 रन का लक्ष्य दिया था। मैच पर नजर डालें तो बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान की पहली पारी 232 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश को 46 रन की बढ़त हासिल हुई। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 437 रन का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 358 रन पर ढेर हो गई और मैच हार गई।
बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दासको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लिटन ने पहली पारी में 126 और दूसरी पारी में 69 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। वहीं अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। रहीम ने दो टेस्ट मैचों की इस सीरीज में कुल 253 रन बनाए।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की बांग्लादेश के खिलाफ यह लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज हार है। इस सीरीज से पहले भी पाकिस्तान को अपने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था।



