Trending

रोमांच भरपूर, गोल नहीं: ईस्ट बंगाल और पंजाब एफसी के बीच मुकाबला ड्रॉ

इंडियन सुपर लीग

कोलकाता : इंडियन सुपर लीग 2025-26 में सोमवार को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए मुकाबले में ईस्ट बंगाल एफसी और पंजाब एफसी के बीच एक रोमांचक लेकिन गोल रहित ड्रॉ रहा।

गोल नहीं होने के बावजूद मुकाबला घटनाओं से भरपूर रहा, जहां दोनों टीमों ने मिलकर 29 प्रयास किए और सात शानदार सेव देखने को मिले। इस परिणाम के साथ ईस्टबंगाल 11 मैचों में 22 अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि पंजाब एफसी उतने ही मैचों में 19 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया। ईस्ट बंगाल के गोलकीपर प्रभसुखन सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ईस्ट बंगाल एफसी – 0 पंजाब एफसी – 0

पंजाब एफसी ने मैच की तेज शुरुआत की और छठे मिनट में बढ़त बनाने के करीब पहुंच गया, जब कप्तान डैनी रामिरेज़ का लंबी दूरी का शॉट पोस्ट के पास से निकल गया। मेहमान टीम गेंद पर नियंत्रण में नजर आई, जहां रामिरेज़ मिडफील्ड से खेल को नियंत्रित कर रहे थे, जबकि मंगलेन्थांग किपगेन अपनी समझदारी भरी मूवमेंट से सहयोग दे रहे थे।

Photo:Santanu Biswas/Focus Sports/ ISL

ईस्ट बंगाल ने धीरे-धीरे मैच में लय पकड़ी और बिपिन सिंह और पीवी विष्णु के जरिए विंग का अच्छा इस्तेमाल किया। हालांकि, पंजाब की रक्षापंक्ति, जिसका नेतृत्व बिजॉय वी कर रहे थे और खैमिनथांग ल्हुंगदिम उनका साथ दे रहे थे, काफी संगठित और अनुशासित रही।

30वें मिनट में ‘रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड’ गोल करने के सबसे करीब पहुंची। मिगुएल फिगुएरा के सटीक थ्रूबॉल पर बिपिन सिंह डिफेंस के पीछे निकल गए, लेकिन पंजाब के गोलकीपर अर्शदीप सिंह ने तेजी दिखाते हुए आगे बढ़कर शानदार ब्लॉक किया और स्कोर बराबर बनाए रखा।

दूसरी ओर पंजाब के मौके ज्यादातर लंबी दूरी के शॉट तक सीमित रहे। किपगेन और रामिरेज़ ने प्रयास किए, लेकिन प्रभसुखनगिल सतर्क रहे। पहले हाफ का अंत दोनों टीमों के बीच संतुलन के साथ हुआ। दूसरे हाफ की शुरुआत में खेल की गति बढ़ी और ‘शेर’ ने दबाव बनाया। कुछ ही मिनटों में किपगेन और रामिरेज़ के शॉट पर गिल ने लगातार बचाव किए।

53वें मिनट में सबसे अहम मौका आया, जबल्हुंगदिम के क्रॉस पर शमी सिंगामायुम का हेडर गिल ने शानदार तरीके से बाहर निकाल दिया। पंजाब ने दबाव बनाए रखा, लेकिन केविन सिबिले और अनवर अली की अगुवाई में ईस्ट बंगाल की डिफेंस मजबूती से खड़ी रही।

Photo:Santanu Biswas/Focus Sports/ ISL

ईस्ट बंगाल ने भी संयम के साथ खेल को नियंत्रित करने की कोशिश की। 75वें मिनट में फिगुएरा का कर्विंग शॉट पोस्ट से टकराकर बाहर चला गया, जो उनका सबसे अच्छा मौका रहा। अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने जीत के लिए कोशिश की।

सब्स्टीट्यूट एंटोन सोजबर्ग एक तेज मूव पर गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन अर्शदीप ने फिर से बेहतरीन बचाव किया। इसके बाद पंजाब के डिफेंडर पाब्लो रेनन दोस सैंटोस ने खतरनाक गेंद को क्लियर कर दिया।

90वें मिनट में मुकाबले का रोमांच चरम पर पहुंच गया, जब ईस्ट बंगाल के कार्यवाहक कप्तान मोहम्मद बासिम राशिद ने हाफ वेलाइन के पास से गोल करने की कोशिश की। उनका शॉट गोलकीपर को पार कर गया, लेकिन क्रॉस बार से टकरा गया। इसके बाद फिगुएरा का हेडर भी थोड़ा बाहर चला गया।

अंत तक चले रोमांच के बावजूद कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जहां दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button