केंद्रीय संचार मंत्री और दिल्ली की मुख्यमंत्री ने नेहरू प्लेस में नवीनीकृत डाकघर का किया उद्घाटन

नई दिल्ली : केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को नेहरू प्लेस में नवीनीकृत डाकघर का उद्घाटन किया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, विकास और विरासत के साथ अब डाक विभाग आधुनिक तकनीक के साथ लोगों की सेवा करेगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का दशकों पुराना भरोसा अब आधुनिक भारत में हर एक तंत्र के साथ जुड़कर काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि डाक विभाग ने तकनीक के साथ स्वयं को नए दौर के अनुरूप विकसित किया है। यह नया डाकघर नागरिकों को तेज, सरल और आधुनिक सेवाओं का बेहतर अनुभव प्रदान करेगा। आज डाकघर केवल पत्र सेवा तक सीमित नहीं बल्कि पार्सल, बैंकिंग, बीमा, आधार और पासपोर्ट जैसी अनेक सुविधाओं के माध्यम से जनसेवा का सशक्त केंद्र बन चुके हैं।
इस अवसर पर संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, विधायक शिखा राय भी मौजूद रहे।



