आईपीएल 2026: प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल जारी, अहमदाबाद करेगा फाइनल की मेजबानी
बीसीसीआई ने आईपीएल के 19वें सीजन के प्लेऑफ का शेड्यूल और वेन्यू बुधवार को घोषित कर दिया है। फाइनल अहमदाबाद में खेला जाएगा। 70 मैचों के बाद टूर्नामेंट का पहला क्वालीफायर 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा, जिसमें अंकतालिका की शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी।
न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 27 मई को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। इसी मैदान पर 29 मई को क्वालीफायर 2 भी खेला जाएगा। क्वालीफायर 2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम और क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीम के बीच मुकाबला होगा, जिससे आईपीएल का दूसरा फाइनलिस्ट तय होगा।
31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल का फाइनल आयोजित किया जाएगा। यह स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, जहां एक बेहद रोमांचक फाइनल की उम्मीद है। आईपीएल ने अपने एक्स अकाउंट से जानकारी दी कि कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों के चलते इस सीजन के प्लेऑफ और फाइनल तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

पहले टूर्नामेंट का फाइनल बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना तय था, लेकिन स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ मांगों के चलते बीसीसीआई ने फाइनल का वेन्यू बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया। जानकारी के अनुसार, ये मांगें बोर्ड के निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं। एक अन्य रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ राजनीतिक कारणों के चलते बेंगलुरु को प्लेऑफ या फाइनल की मेजबानी नहीं दी गई।
Owing to certain operational and logistical considerations, the TATA IPL 2026 Playoffs will be conducted across three venues this season as a special case.
Bengaluru was originally designated to host the Final. However, owing to certain requirements from the local association…
— IndianPremierLeague (@IPL) May 6, 2026
गौरतलब है कि कुल 74 मैचों वाले इस सीजन का आखिरी लीग मैच 24 मई को खेला जाएगा। इस दिन रविवार होने के कारण दो मुकाबले होंगे। पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेंस में केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा। इन मैचों के बाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली शीर्ष चार टीमों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।



