Trending

केदारनाथ धाम यात्रा के पहले सप्ताह में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून : विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के बाद से पहले सप्ताह में अब तक कुल दो लाख सात हजार चार सौ बावन श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

 

रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से बुधवार दोपहर यात्रा के आंकड़े जारी किए गए। पुलिस ने सोशल मीडिया साइट के जरिए बताया कि बढ़ती भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस बल ने प्रभावी व्यवस्थाएं की हैं। केदारनाथ धाम पहुंच रहे सभी श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध कराकर सुगम दर्शन कराये जा रहें हैं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं से निरन्तर संवाद स्थापित कर कुशलक्षेम के साथ-साथ यात्रियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार पहले सप्ताह में अब तक कुल दो लाख सात हजार चार सौ बावन श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

 

पुलिस ने अपनी पाेस्ट में बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल के स्तर से स्वयं के स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है। त्वरित सहायता के लिए यात्रा मार्ग पर आठ खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस बल की तैनाती की गई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में राहत कार्यों के लिए पुलिस बल, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य कर रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के साथ ही मोबाइल या जरुरी सामान खोने पर वापस दिलवाने के साथ-साथ बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलवाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के सहायतार्थ यात्रा मार्गों पर खोया पाया केन्द्र बनवाये गये हैं।

 

पुलिस ने अपनी पाेस्ट में कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा के दाैरान अब तक मदद के लिए कुल 265 कॉल प्राप्त हुई हैं, जिनके सापेक्ष अब तक 100 श्रद्धालुओं के बिछड़ने पर उनके परिजनों से मिलवाया गया, 30 खोए हुए मोबाइल फोन, 45 पर्स व बैग तथा 10 अन्य जरुरी सामान ज्वैलरी आदि ढूंढकर वापस लौटाई गयी है, इसके अतिरिक्त बुजुर्ग व असहाय श्रद्धालुओं को मन्दिर दर्शन के समय आवश्यक सहयोग किया गया है।

Related Articles

Back to top button