2036 में टॉप-10, 2047 में टॉप-5; खेल मंत्री ने साझा किया भारत का ‘स्पोर्ट्स विजन’
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को देश के खेल भविष्य को लेकर बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि भारत 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में शामिल हो जाएगा और 2047 तक यह शीर्ष पांच देशों में अपनी मजबूत जगह बना लेगा।
मांडविया ने यह बात मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 30-बिस्तर वाले अस्पताल के उद्घाटन के बाद कही। उन्होंने सरकार की खेल नीति और बढ़ते खेल ढांचे को इस लक्ष्य की दिशा में अहम आधार बताया।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने खेल प्रशासन को अधिक व्यवस्थित किया है और देश में एक संगठित एवं मजबूत खेल ढांचा तैयार किया गया है। उनके अनुसार, यह सुधार केवल नीतिगत स्तर पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे रहे हैं।

मंत्री ने कहा, “सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में होगा और 2047 तक शीर्ष पांच देशों में शामिल होगा।”
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सरकार के लगातार प्रयासों से देश में खेलों का आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है। उनके अनुसार, भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल की है और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी बोली लगाई है।
साथ ही अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की आवश्यकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है। मांडविया ने यह भी कहा कि देश में खेलों का पूरा पारिस्थितिकी तंत्र लगातार बेहतर हो रहा है और फिट इंडिया अभियान तथा खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रम युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्रदान कर रहे हैं।



