Trending

128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी, एलए 28 के लिए स्टेडियम निर्माण शुरू

आईसीसी ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 (एलए 28) के लिए क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे खेल के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है।

कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस काउंटी के पोमोना स्थित फेयरप्लेक्स मैदान पर बुधवार को भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। यह कदम 128 वर्षों बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह क्रिकेट और दुनिया भर के करोड़ों प्रशंसकों के लिए बेहद उत्साहजनक समय है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट लगातार वैश्विक खेल के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और ओलंपिक का हिस्सा बनना गर्व का विषय है।

Photo/ICC

आईसीसी मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने भी इस पहल को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में कई अहम पड़ाव आएंगे, जो क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी को और खास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में शामिल होने से खेल को वैश्विक स्तर पर नई पहचान, अधिक पहुंच और मजबूत समर्थन मिलेगा।

इस कार्यक्रम में एलए28 के उपाध्यक्ष (खेल) निकोलो कैंप्रियानी, पोमोना के मेयर टिम सैंडोवल, लॉस एंजिलिस में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. के. जे. श्रीनिवास, नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीईओ वेंकी मैसूर और फेयरप्लेक्स के अध्यक्ष वॉल्टर मार्केज़ भी मौजूद रहे।

ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किया जाना खेल के विस्तार के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर अमेरिका जैसे नए क्षेत्रों में। इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के प्रशंसकों का दायरा और विस्तृत होगा। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट टी20 प्रारूप में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खेला जाएगा, जो इसे और अधिक रोमांचक और लोकप्रिय बनाएगा।

Related Articles

Back to top button