ओली वाटकिंस का ऐतिहासिक 100वां गोल: एस्टन विला यूरोपा लीग के सेमीफाइनल में
ओली वाटकिंस ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए एस्टन विला को बोलोग्ना पर 4-0 की प्रभावशाली जीत दिलाई, जिससे टीम ने यूरोपा लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला नॉटिंघम फॉरेस्ट से होगा।
एस्टन विला ने इस मुकाबले को कुल 7-1 के स्कोर के साथ जीतते हुए पिछले तीन सत्रों में दूसरी बार किसी यूरोपीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वाटकिंस ने पिछले सप्ताह इटली में खेले गए क्वार्टरफाइनल के पहले चरण में एस्टन विला की 3-1 की जीत में दो गोल दागे थे। दूसरे चरण में उन्होंने 16वें मिनट में गोल किया, जो क्लब के लिए उनका 100वां गोल रहा। एस्टन विला की ओर से एमिलियानो बुएंडिया, मॉर्गन रोजर्स और एजरी कोंसा ने भी गोल किए।

एक अन्य मुकाबले में नॉटिंघम फॉरेस्ट ने पोर्टो को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे पहले पुर्तगाल में खेले गए पहले चरण में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं थीं, जिसके बाद फॉरेस्ट ने कुल मिलाकर 2-1 से जीत दर्ज की।
फ्रीबर्ग ने सेल्टा विगो को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जर्मनी की इस टीम ने पहले चरण में 3-0 की जीत हासिल की थी और इस तरह 6-1 के कुल स्कोर के साथ पहली बार किसी यूरोपीय प्रतियोगिता के अंतिम चार में जगह बनाई। अब फ्रीबर्ग का अगला मुकाबला ब्रागा से होगा, जिसने पहले चरण में 1-1 की बराबरी के बाद कुल 4-2 के अंतर से जीत दर्ज की।



