Trending

बाबर आजम का जलवा, लेकिन पीएसएल में दिखी ‘गली क्रिकेट’ वाली फील्डिंग!

पाकिस्तान सुपर लीग में बुधवार के मैच में बाबर आजम के शानदार प्रदर्शन की खूब चर्चा हुई। उनके नाबाद अर्धशतक से पेशावर जल्मी ने क्वेटा ग्लेडिएटर्स को 8 विकेट से शिकस्त दे दी। लेकिन मैच के दौरान कुछ ऐसा भी हुआ जो गली क्रिकेट तक में भी कभी-कभार ही देखने को मिलता है।

फील्डर के पास बल्लेबाज को रनआउट करने का भरपूर मौका था लेकिन अपनी बेवकूफी से वो मौका गंवा देता है। सोशल मीडिया पर लोग इसके मजे ले रहे हैं। कोई क्वॉलिटी फील्डिंग का तंज कस रहा तो कोई पीएसएल के स्टैंडर्ड पर सवाल उठा रहा।

हुआ कुछ यूं कि क्वेटा ग्लेडिएटर्स की बल्लेबाजी चल रही थी। अबरार अहमद और उस्मान तारिक क्रीज पर थे। वही तारिक जो अपने अलहदा बोलिंग ऐक्शन की वजह से चर्चा में रहते हैं और मिस्ट्री स्पिनर कहलाते हैं। पेशावर जल्मी के गेंदबाज अली रजा के सामने स्ट्राइक पर अबरार अहमद रहते हैं। रजा कमर के ऊपर गेंद फेंकते हैं और वो नो बॉल करार दी जाती है। अब फ्री हिट था।

साभार : गूगल

अबरार अहमद उस गेंद पर बड़ा शॉट नहीं लगा पाते हैं। वह बैकवर्ड पॉइंट की तरफ गेंद को जैसे बल्ले से ढकेलते हैं। फील्डर ने तेजी से गेंद पकड़ा और इस दौरान उस्मान तारिक रन के लिए दौड़ जाते हैं। यहां रन था ही नहीं, लिहाजा अबरार ने उस्मान तारिक को लौटा दिया।

उधर फील्ड गेंद पकड़ने के बाद बल्लेबाजों को रन आउट करने के लिए थ्रो करने के बजाय स्टंप की तरफ दौड़ लगा देता है। अभी वह स्टंप की तरफ पहुंचता उससे पहले ही बल्लेबाज क्रीज में आ चुका होता है। अब फील्डर नॉन स्ट्राइक पर थ्रो करता है। दिशाहीन थ्रो। उस्मान तारिक का रनआउट होना पक्का दिख रहा था लेकिन वैसा नहीं हुआ।

बल्लेबाजों के हां-ना की गफलत और फील्डर की ‘बेवकूफी’ पर लोग सोशल मीडिया पर मजे भी ले रहे हैं। एक्स पर कोई जोकर्स लिख रहा तो कोई क्वॉलिटी फील्डिंग कहकर तंज कस रहा है। कुछ पीएसएल के स्टैंडर्ड पर सवाल उठा रहे तो कोई फील्डर को सस्ता जोंटी रोड्स कह रहा है।

मैच की बात करें तो कराची में खेले गए इस मुकाबले में क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए थे। जवाब में पेशावर जल्मी ने सिर्फ 2 विकेट खोकर मैच जीत लिया। जल्मी से बाबर आजम ने 71 रनों की नाबाद पारी खेली। एरोन हार्डी 18 रन बनाकर नाबाद रहे। मोहम्मद हैरिस ने 35 और कुसाल मेंडिस ने 21 रनों का योगदान दिया।

Related Articles

Back to top button