आईजीपीएल इनविटेशनल: सचिन बैसोया का जलवा, फीनिक्स हैदराबाद बनी टीम चैंपियन
सचिन बैसोया की अगुवाई वाली फीनिक्स हैदराबाद ने यहां लिएंडर पेस की मेजबानी में आयोजित आईजीपीएल इनविटेशनल 2026 मॉरीशस गोल्फ टूर्नामेंट में टीम प्रतियोगिता का खिताब जीता।
बैसोया ने तीन दिनों में 67-71-67 का स्कोर दर्ज किया। इस खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन से फीनिक्स ने मुंबई अत्री और आरवीआर दिल्ली को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले का खिताब फीनिक्स के सचिन बैसोया ने जीता, गोल्फकनेक्ट बैंगलोर की ओर से खेल रहे युवा खिलाड़ी वीर गणपति दूसरे स्थान पर रहे।
फीनिक्स ने तीन दिनों में कुल 14 अंडर का स्कोर बनाया और अत्री को पीछे छोड़ा, जिसने 13 अंडर का स्कोर किया था। आरवीआर दिल्ली ने कुल 12 अंडर का स्कोर बनाया। फीनिक्स को इस प्रदर्शन के लिए 100 अंक मिले, अत्री को 90 अंक और आरवीआर को 80 अंक प्राप्त हुए। आईजीपीएल इनविटेशनल के सभी अंकों को सीजन के अंत में जोड़कर टीम चैंपियन का खिताब तय किया जाएगा।

फीनिक्स की टीम में सचिन बैसोया, राघव चुघ, रणजीत सिंह और अर्जुन भाटी थे। अत्री की टीम में ओलंपियन उदयन माने, विपुल अमन राज, आदिल बेदी और तुषार पन्नू थे, जबकि आरवीआर दिल्ली की टीम में शिव कपूर, चिराग कुमार, आर्यन रूपा आनंद और गौरव घई थे।



