प्रीमियर लीग: मैनचेस्टर सिटी की चेल्सी पर शानदार जीत, खिताब की रेस हुई रोमांचक
मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 3-0 से हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने खिताबी अभियान को मजबूत बनाए रखा। इस जीत के बाद मैनचेस्टर सिटी अब शीर्ष पर मौजूद आर्सेनल से केवल छह अंक पीछे है।
आर्सेनल ने 32 मैचों में 70 अंक जुटाए हैं, जबकि मैनचेस्टर सिटी के 31 मैचों में 64 अंक हैं। शनिवार को आर्सेनल को बोर्नमाउथ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिसका फायदा मैनचेस्टर सिटी ने उठाया। स्टैमफोर्ड ब्रिज में खेले गए इस मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी के लिए निको ओरेली (51वां मिनट), मार्क गुएही (57वां मिनट) और जेरेमी डोकू (68वां मिनट) ने दूसरे हाफ में गोल दागे।

एक अन्य मुकाबले में संडरलैंड ने टोटेनहम को 1-0 से मात दी। यह टोटेनहम की इस सीजन में लीग की 16वीं हार रही, और टीम पिछले 14 मैचों से जीत दर्ज नहीं कर सकी है। संडरलैंड के लिए नोर्डी मुकीले ने 61वें मिनट में विजयी गोल किया। वहीं, क्रिस्टल पैलेस ने सेल्हर्स्ट पार्क में न्यूकासल को 2-1 से हराया।



