Trending

आरसीबी की धमाकेदार जीत: सॉल्ट, पाटीदार और कोहली के तूफानी अर्धशतकों से मुंबई पस्त

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फिल सॉल्ट, कप्तान रजत पाटीदार और विराट कोहली के अर्धशतकों से आईपीएल मैच में यहां मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने शीर्ष क्रम में सॉल्ट (78 रन), पाटीदार (53 रन) और कोहली (50 रन) की बदौलत 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस 222 रन ही बना सकी।

मुंबई से शेरफाने रदरफोर्ड ने 71 रन की नाबाद पारी खेली और शीर्ष स्कोरर रहे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 40 रन, रेयान रिकलटन ने 37 रन और सूर्यकुमार यादव ने 33 रन का योगदान दिया। आईपीएल के 13 सत्र में पहली दफा टूर्नामेंट की शुरूआत जीत से करने के बावजूद मुंबई इंडियंस इस लय को जारी नहीं रख सकी जिससे उसे लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी।

© Associated Press

वहीं गत चैंपियन आरसीबी की यह चार मैच में तीसरी जीत है जिससे वह छह अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। मैच में कई वाइड और नो-बॉल हुईं तथा कई रिव्यू लिए गए जिससे मैच खत्म होने में काफी समय लगा। सॉल्ट और कोहली ने पहले विकेट के लिए 65 गेंद में 120 रन की भागीदारी निभाई। सॉल्ट ने अपनी पारी में छह छक्के और इतने ही चौके जमाए।

गत चैंपियन टीम के लिए पाटीदार और टिम डेविड (नाबाद 34 रन) ने आते ही तेजी से रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। पाटीदार ने आते ही छक्कों और चौकों की झड़ी लगाकर आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा जिसके लिए उन्होंने चार चौके और पांच छक्के जड़े थे।

मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर, मिचेल सैंटनर, हार्दिक पंड्या और ट्रेंट बोल्ट को एक एक विकेट मिले। पारी की शुरुआत कोहली ने बोल्ट की गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर की। जहां कोहली बीच-बीच में बाउंड्री लगाते रहे तो वहीं उनके जोड़ीदार सॉल्ट ने रन गति को तेज करने की जिम्मेदारी संभाली।

© BCCI

इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाजों बोल्ट और हार्दिक के खिलाफ बाउंड्री लगाईं। सॉल्ट ने बोल्ट की गेंद को स्टैंड में छक्के के लिए भेज दिया जबकि सैंटनर की गेंद पर उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े।

इससे आरसीबी के 50 रन 4.2 ओवर में ही पूरे हो गए थे, इससे उन्होंने मुंबई इंडियंस को मजबूर कर दिया कि वे जसप्रीत बुमराह (35 रन देकर कोई विकेट नहीं) को पावरप्ले में ही दूसरा ओवर फेंकने के लिए वापस बुला लें जो कि आमतौर पर देखने को नहीं मिलता।

इस दिग्गज तेज गेंदबाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में सिर्फ छह रन दिए, लेकिन इसके बावजूद आरसीबी ने पावरप्ले में 71 रन बना लिए थे। आठवें ओवर में सॉल्ट ने लेग-स्पिनर मयंक मार्कंडेय को निशाना बनाते हुए लगातार तीन चौके जड़े जबकि कोहली ने सैंटनर के तीसरे ओवर में दो और चौके लगाए।

© Associated Press

विकेट लेने के लिए बेताब मुंबई इंडियंस ने आखिरकार 11वें ओवर में गेंद शार्दुल को सौंपी। शार्दुल ने सॉल्ट को कवर पर खड़े हार्दिक के हाथों कैच करवाकर पहला विकेट दिलाया जिससे पहले विकेट की साझेदारी टूट गई।

पाटीदार ने फिर साधारण गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत शार्दुल की गेंद को कवर के ऊपर से उठाकर चौका जड़ते हुए की और फिर मार्कंडेय की खराब लेंथ का पूरा फायदा उठाते हुए इस लेग-स्पिनर पर लगातार तीन छक्के जड़े।

देखते ही देखते पाटीदार ने नौ गेंद में 34 रन बना लिए। मुंबई ने शार्दुल को ऑफ-साइड से बाहर गेंदें डालने के लिए लगाया, लेकिन वे ज्यादातर मौकों पर ऐसा करने में चूक गए। शुरुआत में सॉल्ट की आक्रामक बल्लेबाजी और फिर बीच के ओवरों में पाटीदार की तूफानी बल्लेबाजी के बाद कोहली को अपना अर्धशतक पूरा करने का मौका मिला।

लेकिन वह 37 गेंद में 50 रन बनाते ही 15वें ओवर में आउट हो गए। अपने पहले ओवर में 22 रन देने वाले सैंटनर ने अपने बाकी ओवरों में काफी कसी गेंदबाजी की और पाटीदार का विकेट लेकर अपना स्पैल समाप्त किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा (19 रन) और रेयान रिकलटन ने पहले विकेट के लिए 32 गेंद में 57 रन जोड़ लिए थे। रोहित को इस दौरान मांसपेशियों में खिंचाव से काफी परेशानी हो रही थी जिससे वह छठे ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए।

सूयश शर्मा (दो विकेट) ने अपने पहले ही ओवर में मुंबई इंडियंस को दो झटके दे दिए। उन्होंने आठवें ओवर में पहली गेंद पर रेयान रिकलटन (37 रन) को आउट किया। सूयश की गुगली को रिकलटन ने स्वीप करने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे पर लगकर सीधे ऊपर हवा में गई और शॉर्ट थर्ड मैन पर भुवनेश्वर कुमार ने कैच लपक लिया।

फिर पांचवीं गेंद पर उन्होंने तिलक वर्मा को आउट किया जिन्होंने स्वीप शॉट खेला और यह सीधे फाइन लेग पर खड़े जैकब डफी के हाथों में समां गई। दो विकेट गिरने के साथ ही वानखेड़े स्टेडियम में सन्नाटा छा गया जबकि आरसीबी के समर्थक खुशी से झूमते हुए ‘आरसीबी’ के नारे लगा रहे थे।

इसके बाद आरसीबी ने सूयश, रसिख सलाम और कृणाल पंड्या की बदौलत लगाम कसे रखी। लेकिन 10वें ओवर में सूर्यकुमार ने सूयश पर लगातार दो चौके जमाए और हार्दिक ने भी एक चौका लगाया जिससे 14 रन बने। मुंबई इंडियंस का स्कोर दो विकेट पर 99 रन था।

सूर्यकुमार और हार्दिक एक दो रन चुराने के अलावा बीच बीच में चौके लगाकर चौथे विकेट के लिए 27 गेंद में 47 रन की साझेदारी निभा ली थी। लेकिन कृणाल की गेंद पर सूर्यकुमार के आउट होने से टीम को तीसरा झटका लगा। हार्दिक को डफी ने शेफर्ड के हाथों कैच आउट किया। फिर नमन धीर के आउट होने के बाद रदरफोर्ड ने कई खूबसूरत शॉट्स लगाए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

Related Articles

Back to top button