61 साल का इंतजार बरकरार, युवा शटलर आयुष शेट्टी ने जीता रजत पदक
बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप:
भारत के आयुष शेट्टी को रविवार को यहां बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी शि युकी के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
मंगलुरु के 20 वर्षीय आयुष मैच के दौरान अपनी लय हासिल करने में संघर्ष करते नजर आए और चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन के सामने 8-21, 10-21 से हार गए। इस हार के साथ ही इस प्रतियोगिता में भारत का पुरुष एकल स्वर्ण पदक जीतने का 61 साल का इंतजार जारी रहा।
हार के बावजूद आयुष का अभियान बेहद शानदार रहा। वह दिनेश खन्ना के बाद इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले केवल दूसरे भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने।

दिनेश खन्ना अब तक इस प्रतियोगिता में एकमात्र भारतीय एकल चैंपियन हैं, जिन्होंने 1965 में यह खिताब अपने नाम किया था। खन्ना के अलावा, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने भी 2023 में यह खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।



