उत्तर प्रदेश सरकार ने सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को किया डिजिटल

उत्तर प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के अधीन संचालित सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग प्रक्रिया को डिजिटल बनाते हुए आम नागरिकों के लिए भी इनका लाभ उठाने का रास्ता खोल दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब सिफारिश या व्यक्तिगत संपर्क के बजाय आनलाइन आवेदन के आधार पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे।
नई प्रणाली के तहत इच्छुक व्यक्ति सर्किट हाउस सूचना प्रणाली की आधिकारिक वेबसाइट
guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर कमरा बुक कर सकते हैं। पोर्टल पर रियल टाइम डैशबोर्ड उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से यह देखा जा सकेगा कि किस सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में कितने कमरे खाली हैं। इससे आवेदन करने से पहले ही उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और अनावश्यक दौड़-भाग कम होगी। बुकिंग के लिए आवेदक को पहचान पत्र या अधिकृत दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना होगा। भुगतान की पूरी प्रक्रिया कैशलेस रखी गई है।



