Trending

Bihar : लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, छुट्टी के लिए लागू हुआ नया सिस्टम, अब सीधे दे सकेंगे छुट्टी की अर्जी

Bihar : बिहार सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत देने वाला फैसला लिया है। अब से बिहार में लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी आवेदन प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो गई है। राज्य सरकार ने नई व्यवस्था के तहत मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पोर्टल को पूरी तरह से लागू कर दिया है। इस नए सिस्टम के माध्यम से, कर्मचारी अब बिना बैलेंस अपडेट किए सीधे अपनी छुट्टी की अर्जी दे सकते हैं, जिससे पहले की तरह बैलेंस न होने की समस्या समाप्त हो गई है।

 

आदेश के अनुसार, सभी सरकारी कर्मचारियों को अपनी छुट्टी की अर्जी अब सिर्फ और सिर्फ एचआरएमएस पोर्टल के जरिए ही देनी होगी। इससे पहले, कर्मचारी अपने छुट्टी बैलेंस का अपडेट करने में कठिनाई का सामना करते थे, लेकिन अब इस प्रक्रिया को सरल बना दिया गया है। कर्मचारी अपने लॉगिन का उपयोग कर सीधे आवेदन कर सकते हैं, और इसकी जिम्मेदारी अब कार्यालय के अधिकारी की होगी कि वह कर्मचारी की छुट्टी का बैलेंस सही तरीके से देख लें और फिर उसके आवेदन को मंजूरी दें।

 

राज्य सरकार ने इस व्यवस्था को लागू करते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि बिना कर्मचारी का बैलेंस सही तरीके से अपडेट किए गए आवेदन को मंजूरी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया गया है कि बिना अधिकारी की मंजूरी के कोई भी छुट्टी न तो वापस ली जा सकेगी और न ही रद्द की जा सकेगी। यानी, एक बार मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारी की छुट्टी अंतिम मानी जाएगी।

 

राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों में इस नई व्यवस्था की जानकारी सभी कर्मचारियों तक पहुंचाएं और सुनिश्चित करें कि हर प्रकार की छुट्टी की अर्जी अब इसी सिस्टम के माध्यम से दी जाए और मंजूर की जाए। इससे न केवल छुट्टी आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि कर्मचारी और अधिकारी दोनों के लिए प्रक्रिया अधिक आसान और प्रभावी बन जाएगी।

Related Articles

Back to top button