ग्लेन फिलिप्स ने हाथों से लैंड कराया एयरक्राफ्ट, क्रिकेट के बाहर भी दिखा हुनर
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स अपने मैदान पर धमाकेदार प्रदर्शन के लिए मशहूर हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि वह सिर्फ बल्लेबाजी या स्पिन गेंदबाजी ही नहीं बल्कि फील्डिंग में भी विरोधियों को चौंका सकते हैं। लेकिन अब लगता है कि उनका टैलेंट मैदान के बाहर भी हवा में चमक रहा है।
हाल ही में ऑकलैंड के आर्डमोर एयरोड्रोम पर फिलिप्स ने कुछ ऐसा किया जिसे देखकर क्रिकेट फैंस भी हैरान रह गए। उन्होंने एक लाइट एयरक्राफ्ट को अपने हाथों से सफलतापूर्वक लैंड कराया और इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया।
फिलिप्स ने बताया कि वह कमर्शियल पायलट का लाइसेंस हासिल करने की प्रक्रिया में हैं और इसके लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने आर्डमोर फ्लाइंग स्कूल के स्टूडेंट्स और इंस्ट्रक्टर्स के साथ भी बातचीत की।

फिलिप्स ने कहा, “यह मेरा बड़ा पैशन है। अगर मैं क्रिकेट नहीं खेल रहा होता और मेरे पास दुनिया भर का पैसा होता, तो शायद मैं पायलट बनता। मुझे हवा में रहना बहुत पसंद है। पहाड़ों में जाकर अपने शौक पूरे करना और पायलट बनना मेरी प्राथमिकता है।”
क्रिकेट में दाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से विकेटकीपिंग की भूमिका निभाने वाले फिलिप्स का एयरक्राफ्ट के कॉकपिट में भी हाथ आजमाना उनके जीवन के बहुआयामी पहलुओं को दर्शाता है। यह साबित करता है कि शायद ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिसमें फिलिप्स हाथ आजमा न सकें।
https://www.instagram.com/glennphillips236/p/DV_2FAAk2t3/
खेल के मोर्चे पर, ग्लेन फिलिप्स जल्द ही आईपीएल 2026 में नजर आएंगे। वह लीग में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। हालांकि अब तक उनके आईपीएल करियर में उनके टैलेंट के अनुसार पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं, लेकिन इस बार देखना होगा कि जीटी उनका किस तरह और कितना इस्तेमाल करती है।
अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की बात करें तो 29 साल के फिलिप्स ने न्यूजीलैंड के लिए 97 मैच खेले हैं। इन 85 पारियों में उन्होंने 2 शतक और 12 अर्धशतक लगाते हुए 142.69 की स्ट्राइक रेट से कुल 2,286 रन बनाए हैं और 9 विकेट भी अपने नाम किए हैं।



