AAP ने योगी सरकार पर लगाया ये बड़ा आरोप, ये है पूरा मामला

बीएस राय। आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार पर राज्य में कथित तौर पर “एक प्लस, एक मुफ़्त” शराब योजना की अनुमति देकर शराबखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, दिल्ली आप प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने भी आश्चर्य जताया कि शराब की दुकानों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई, जो कथित तौर पर शराब की बोतलें मुफ़्त दे रही हैं।
भारद्वाज ने कहा, “हम सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश भर से कई वीडियो देख रहे हैं, जहां शराब की दुकानों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। यह लोगों को शराबी बनाने की साजिश है। मैं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से पूछना चाहता हूं कि इन दुकानों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।”
दिल्ली के पूर्व मंत्री ने पूछा कि क्या इस योजना को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी मिली है। उन्होंने पूछा, “क्या सीएम योगी ने भाजपा नेतृत्व से सलाह लेने के बाद यह ‘एक प्लस, एक मुफ़्त’ शराब योजना शुरू की है? अगर नहीं, तो भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस पर चुप क्यों है?” पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में यूपी सरकार पर भी हमला बोला।
इसमें लिखा है, “बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश में शराब की नदी बह रही है। नोएडा में शराब की दुकानों पर हर खरीद पर एक बोतल शराब मुफ्त दी जा रही है। क्या बीजेपी और कांग्रेस को इसमें कोई घोटाला या अनियमितता नहीं दिखती? क्या बीजेपी की केंद्र सरकार इसकी सीबीआई-ईडी जांच कराएगी?”



