भारत 17 से 20 नवंबर तक कोच्चि में अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय के 62वें सत्र की मेजबानी करेगा, 21 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

द इंडियन व्यू टीम
नई दिल्ली/कोच्चि: भारत 17 से 20 नवंबर 2026 तक केरल के कोच्चि में अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (International Coconut Community - ICC) के 62वें सत्र एवं मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी कर रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त रूप से नारियल विकास बोर्ड (CDB), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित ICC द्वारा किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (ICC) की स्थापना 1969 में एशिया और प्रशांत हेतु संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक आयोग (UN-ESCAP) के तत्वावधान में की गई थी। यह नारियल उत्पादक देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है, जो सदस्य देशों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां वे वैश्विक नारियल क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकें, सहयोग एवं साझेदारी को बढ़ावा दे सकें तथा नारियल उद्योग के सतत विकास के अवसरों की तलाश कर सकें।
ICC के 62वें सत्र में भारत सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री राम नाथ ठाकुर के साथ-साथ एशिया-प्रशांत क्षेत्र के ICC सदस्य देशों के अन्य मंत्री एवं वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के हितधारकों और अन्य प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। कोच्चि में 17 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस सत्र का उद्देश्य नारियल उत्पादक देशों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देना और वैश्विक नारियल उद्योग के सतत विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है। भारत की मेजबानी वैश्विक नारियल व्यापार में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका और क्षेत्रीय सहयोग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस आयोजन से भारतीय नारियल किसानों, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता और बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
