द इंडियन व्यू

बर्मिंघम टेस्ट Day 3 : सिराज और आकाश दीप का कहर, इंग्लैंड की बल्लेबाजी हुई ध्वस्त

भारत ने दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मोहम्मद सिराज (70 रन पर छह विकेट) और आकाश दीप (88 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड को पहली पारी में 407 रन पर ढेर करने के बाद दूसरी पारी में एक विकेट पर 64 रन बनाकर अपनी…

Ragwendra P Singh
July 4, 2025
6 min read
बर्मिंघम टेस्ट Day 3 : सिराज और आकाश दीप का कहर, इंग्लैंड की बल्लेबाजी हुई ध्वस्त

भारत ने दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मोहम्मद सिराज (70 रन पर छह विकेट) और आकाश दीप (88 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड को पहली पारी में 407 रन पर ढेर करने के बाद दूसरी पारी में एक विकेट पर 64 रन बनाकर अपनी पकड़ मजबूत बनाई।

@ICC

पहली पारी में 587 रन बनाने वाली टीम इंडिया की बढ़त 244 रन की हुई। तीसरे दिन खेल खत्म होते समय केएल राहुल 28 और करुण नायर सात रन बनाकर क्रीज पर थे। भारत ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (28 रन) का विकेट जोश टंग की गेंद पर गंवाया।

जेमी स्मिथ (नाबाद 184) और हैरी ब्रुक (158) की पारियों और दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 303 रन की साझेदारी के बाद इंग्लैंड की पहली पारी 407 रन पर ढेर हुई। भारत को इससे 180 रन की बढ़त मिली। भारत ने नयी गेंद मिलने के बाद इंग्लैंड के आखिरी पांच विकेट 22 रन के अंदर चटका दिये। इंग्लैंड के छह बल्लेबाज बिना रन बनाए आउट हुए।

तीसरे सत्र में इंग्लैंड की पारी को ढेर करने के बाद भारत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। राहुल ने बाइडन कार्स के खिलाफ कवर क्षेत्र में शानदार चौका मारा, जायसवाल ने वोक्स के खिलाफ पुल शॉट पर चार रन बटोरे। जायसवाल ने छठे ओवर में कार्स के खिलाफ लगातार तीन चौके के साथ भारत की बढ़त को 200 रन के पार पहुंचाया, दूसरे छोर से राहुल ने वोक्स के ओवर में तीन चौके मारे।

आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये जोस टंग ने जायसवाल को पगबाधा कर पहले विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी को तोड़ा। अंपायर के फैसले पर जायसवाल ने डीआरएस लिया लेकिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इसका यह कहते हुए विरोध किया कि उन्होंने 15 सेकंड खत्म होने के बाद रिव्यू का इशारा किया।

अंपायर ने उनकी दलील नहीं मानी लेकिन रिप्ले में जायसवाल आउट दिखे जिससे भारत ने अपना एक डीआरएस गंवा दिया। राहुल और नायर ने संभल कर बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के गेंदबाजों को सफलता से दूर रखा। भारत ने शुरुआती दो सत्र में लचर गेंदबाजी के बाद 80 ओवर का खेल पूरा होने के बाद नयी गेंद लेने का फैसला किया जो कारगर रहा।

स्मिथ ने दिन के आखिरी सत्र में सिराज के खिलाफ चौका मारने के बाद दो रन चुराकर छठे विकेट के लिए ब्रुक के साथ 300 रनों की साझेदारी पूरी की, आकाशदीप ने अगले ही ओवर में ब्रुक को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने क्रिस वोक्स (पांच) की पारी को स्लिप में खड़े करुण नायर के हाथों कैच कराकर खत्म किया। सिराज ने कार्स, टंग और शोएब बशीर को बिना रन बनाए आउट करके चौथी बार टेस्ट पारी में पांच विकेट चटकाने का कारनामा किया।

टेस्ट इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी एक पारी में दो बल्लेबाजों ने 150 से अधिक का स्कोर किया और उस पारी में छह बल्लेबाज खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे।

सिराज ने दिन के शुरुआती ओवरों में दो गेंदों पर जो रूट (22) और बेन स्टोक्स (शून्य) को आउट कर बड़ी सफलता दिलाई लेकिन स्मिथ ने क्रीज पर आते पहली गेंद पर चौका लगाकर अपने इरादे बताये। उन्होंने और ब्रुक ने आक्रामक रवैया अपनाकर भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।

स्मिथ ने 207 गेंद की नाबाद पारी में 21 चौके और चार छक्के लगाये। ब्रुक ने 234 गेंद की पारी में एक छक्का और 17 चौके लगाये। उन्होंने लंच से पहले 80 गेंद में अपने करियर को दूसरा शतक जड़ा जबकि अपना 27वां टेस्ट खेल रहे हैरी ब्रुक ने दिन के दूसरे सत्र में 137 गेंद में अपना नौवां शतक पूरा किया।

सुबह के सत्र में 172 रन देने के बाद भारतीय गेंदबाज दूसरे सत्र में रन-रेट को नियंत्रित करने में सक्षम रहे,ब्रुक और स्मिथ के बीच लंबी साझेदारी को तोड़ने के लिए पर्याप्त मौके नहीं बना पाए। इंग्लैंड ने दिन के दूसरे सत्र में बिना कोई विकेट गिरे 28 ओवर में 106 रन बनाये।

सुबह के सत्र में शॉर्ट बॉल की रणनीति विफल होने के बाद, भारतीय तेज गेंदबाजों ने रणनीति बदली और ब्रुक को ऑफ स्टंप से बाहर गेंदबाजी करना शुरू कर दिया। इस योजना को ज्यादा देर तक जारी नहीं रखा गया।

भारत को लंच के बाद सत्र का एकमात्र मौका तब मिला जब ऋषभ पंत ने नीतीश रेड्डी की गेंद पर स्मिथ का मुश्किल कैच अपनी दाहिनी ओर डाइव लगाते हुए छोड़ा। सुबह के सत्र में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी ब्रुक का एक कैच छोड़ा था। वह भी मुश्किल मौका था।

ब्रुक ने रविंद्र जडेजा की गेंद पर जोर से प्रहार किया था और गेंद बल्ले का किनारा लेते हुए स्लिप की ओर गयी जहां गिल समय पर प्रतिक्रिया नहीं दे पाए और गेंद उनके सिर पर लगी। टीम ने लंच तक पांच विकेट पर 249 रन बना लिए थे।

इंग्लैंड ने दिन के पहले दो घंटे में 27 ओवरों में 172 रन बनाए। दिन की शुरुआत 77 रन पर तीन विकेट से करते हुए इंग्लैंड ने सुबह के सत्र के दूसरे ओवर में ही दो और विकेट गंवा दिये जब सिराज ने रूट और स्टोक्स को विकेट के पीछे कैच कराया।

रूट लेग ग्लांस करते हुए पंत के द्वारा लपके गए जबकि स्टोक्स पहली ही गेंद पर तेजी से ऊपर उठती गेंद से हैरान रह गए और गेंद उनके दस्तानों से टकरा कर पंत के हाथों में चली गयी।

इंग्लैंड 84 रन पर पांच विकेट गंवा चुका था, लेकिन स्मिथ और ब्रुक ने आक्रामक रूख अपना कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव डाला। प्रसिद्ध कृष्णा को छह क्षेत्ररक्षकों के साथ शॉर्ट गेंद योजना लागू करने के लिए लाया गया था, वह विफल रहे।

स्मिथ ने दिन के 12वें ओवर में उन पर 23 रन बटोरे। उन्होंने इस ओवर में चार चौके और डीप स्क्वायर लेग पर एक छक्का लगा। भारत ने विकेट के तलाश में कृष्णा के साथ अपनी रणनीति जारी रखी जिनके अगले ओवर में 11 रन गए। स्मिथ की आक्रामक पारी के सामने अकसर तेजी से बल्लेबाजी करने वाले ब्रुक की बल्लेबाजी धीमी लग रही थी।

स्मिथ ने स्पिनरों रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को किसी तरह की लय हासिल नहीं करने दिया। सुंदर की पहली दो गेंदों पर स्मिथ ने लगातार चौके लगाए, इससे पहले इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने जडेजा के ओवर में एक छक्का और एक चौका बटोरा।

स्मिथ ने लंच से पहले आखिरी ओवर में जडेजा पर चौके लगाकर 80 गेंदों में अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। यह इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज का तीसरा सबसे तेज शतक है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी

हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप

पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।

हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।