द इंडियन व्यू

मरीजों को ठगने पर योगी सरकार का सख्त एक्शन: लखनऊ की 9 अस्पताल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित; दवाओं के दाम सार्वजनिक नहीं करने पर कार्रवाई

Poonam Kumari
November 28, 2026
2 min read
मरीजों को ठगने पर योगी सरकार का सख्त एक्शन: लखनऊ की 9 अस्पताल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित; दवाओं के दाम सार्वजनिक नहीं करने पर कार्रवाई

राघवेंद्र प्रताप सिंह

मरीजों और उनके परिवारों को दवाओं के दामों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश का पालन न करने पर लखनऊ की 9 अस्पताल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

लखनऊ जिले में कुल 13 अस्पताल फार्मेसियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी, जिनमें से 9 के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षकों ने पाया कि ये फार्मेसियां दवाओं की खरीद और बिक्री मूल्य सहित निर्धारित जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश का पालन नहीं कर रही थीं। संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर जवाब और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद अनुपालन सुनिश्चित न होने पर लाइसेंस निलंबित किए गए।

जिन फार्मेसियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें जवित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल आदि शामिल हैं। वहीं मेडांटा, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स और रीजेंसी हॉस्पिटल की चार फार्मेसियों ने आदेश का अनुपालन करते हुए दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की मूल्य सूची अपनी वेबसाइटों और QR कोड के माध्यम से प्रदर्शित कर दी है।

आयुक्त द्वारा जारी आदेश में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश (DPCO), 2013 के प्रावधानों के तहत सभी रिटेलरों और डीलरों के लिए निर्माता द्वारा उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची को एक प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। अस्पताल फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट बनानी होगी, जिस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसी का नाम और परिसर का पता स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए। इसके अलावा नियुक्त फार्मेसिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध करानी होगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां भर्ती मरीजों के पास दवा खरीदने का सीमित विकल्प होता है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें