वैभव के डेब्यू पर नजर, इंग्लैंड में भारत की बल्लेबाजी की होगी असली परीक्षा
इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत की नजर सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं, बल्कि भविष्य की टीम संयोजन को परखने पर भी होगी। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बहुप्रतीक्षित पदार्पण पर सभी…

इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत की नजर सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं, बल्कि भविष्य की टीम संयोजन को परखने पर भी होगी। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बहुप्रतीक्षित पदार्पण पर सभी की निगाहें रहेंगी, वहीं चुनौतीपूर्ण विकेटों पर भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियों की भी कड़ी परीक्षा होगी।
भारतीय सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा है कि सूर्यवंशी को भी किसी अन्य क्रिकेटर की तरह एकादश में जगह पाने के लिए ‘प्रक्रिया से गुजरना होगा और सही समय का इंतजार करना होगा’। साथ ही उन्होंने यह कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई कि 15 साल का यह आक्रामक खिलाड़ी कड़ी मेहनत के लिए तैयार दिखता है।
लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या प्रबंधन इस बात पर अडिग रहेगा कि सूर्यवंशी को प्रक्रिया का पालन करना चाहिए जबकि इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो रही है। डोएशे ने माना कि पिछले हफ्ते आयरलैंड से मिली 0-2 की हार के बाद टीम में निराशा है और यह बड़े बदलावों का कारण बन सकता है।

आयरलैंड के खिलाफ संजू सैमसन की दोहरी विफलता उन्हें बाहर बैठाने और सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका देने का कारण हो सकती है। अभिषेक को बेलफास्ट में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में 49 रन की पारी के कारण फिर मौका मिल सकता है।
ईशान किशन भी आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की श्रृंखला में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और एक तथा 12 रन पर आउट हो गए। इसलिए प्रबंधन सूर्यवंशी को शामिल करने के लिए उन्हें भी बाहर कर सकता है लेकिन वे इस बात पर विचार करेंगे कि ऐसे कदम का बाहर किए गए बल्लेबाज़ के मनोबल पर क्या असर पड़ सकता है।
अगर सैमसन को देखें तो उन्होंने इस साल टी20 विश्व कप के अंतिम चरण के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए दो शतक भी लगाए थे। हालांकि चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई वाला टीम प्रबंधन कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटता और जिन्हें शक है वे सूर्यकुमार यादव का उदाहरण देख सकते हैं।
उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को पदार्पण का मौका दिया जिससे सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के लिए इंतजार करना पड़ा। हालांकि सिर्फ सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने से भारत की बल्लेबाजी की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो जाएगा क्योंकि इन समस्याओं के कई पहलू हैं।
तेज गेंदबाजों की अनुकूल बेलफास्ट की पिच पर कोई भी भारतीय बल्लेबाज सहज नहीं दिख रहा था। जब हालात और आयरलैंड के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने आक्रामक बल्लेबाजी के रास्ते बंद कर दिए तो भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई।
दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय तिलक वर्मा ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतक जड़ा लेकिन 46 गेंद तक टिके रहने के बाद उनका भी सब्र जवाब दे गया। आयरलैंड के हासिल किए जा सकने वाले 183 और 155 के लक्ष्यों के खिलाफ भारत के अन्य बल्लेबाजों में भी बेसब्री साफ नजर आई।
इसके लिए आईपीएल की सपाट पिचों पर बल्लेबाजी करने के तरीके से अलग सोच की जरूरत थी लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला। भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग ऐसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाड़ियों से सामना होगा।
इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद और सोनी बेकर जैसे बहुत तेज गति वाले गेंदबाज हैं और आदिल रशीद तथा रेहान अहमद जैसे चतुर स्पिन गेंदबाज भी हैं। रिवरसाइड ग्राउंड पर औसत टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर 138 और उच्चतम स्कोर 195 है जो यहां खेले गए पिछले आठ मैच में गेंदबाजों के दबदबे की ओर इशारा करता है।
इसलिए अगर बल्लेबाज विरोधी टीम की गेंदबाजी और यहां की पिचों के हिसाब से ढलने में अधिक समय लेते हैं तो इंग्लैंड बहुत तेजी से पांच मैच की सीरीज जीत सकता है। भारत के नए टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर निश्चित रूप से लगातार दूसरी श्रृंखला हारना नहीं चाहेंगे।
इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम में भी कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, जोर्डन कॉक्स, जैकब बेथेल, विल जैक्स, फिल सॉल्ट और टॉम बैंटन जैसे दमदार खिलाड़ी हैं। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पकड़ बनाने के बाद बीच के ओवरों में विरोधी बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने दिए।
अगर ऐसा ही दोबारा हुआ तो इंग्लैंड के बल्लेबाज इसका और भी बेरहमी से फायदा उठाएंगे। इस संदर्भ में भारत को अपने गेंदबाजों, विशेषकर स्पिनरों अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर से अधिक संगठित प्रयास की जरूरत होगी जो अब तक अधिकतर बेअसर रहे हैं।
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड
सम्बंधित ख़बरें
जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
