हर भूमिका निभाने को तैयार वॉशिंगटन सुंदर, बोले- टीम की जरूरत ही मेरी प्राथमिकता
भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का कहना है कि बल्लेबाजी क्रम में उन्हें किसी भी स्थान पर उतरने में कोई परेशानी नहीं है। उनका मानना है कि अलग-अलग परिस्थितियों और भूमिकाओं में बल्लेबाजी करना उन्हें चुनौतीपूर्ण होने के…

भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का कहना है कि बल्लेबाजी क्रम में उन्हें किसी भी स्थान पर उतरने में कोई परेशानी नहीं है। उनका मानना है कि अलग-अलग परिस्थितियों और भूमिकाओं में बल्लेबाजी करना उन्हें चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ रोमांचक भी लगता है।
सुंदर ने कहा कि टीम की जरूरत के अनुसार खुद को ढालना उनकी प्राथमिकता है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत भी है। खेल के तीनों प्रारूपों में उनकी भूमिका अक्सर बदलती रहती है, लेकिन वह हर जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता। इस खिलाड़ी ने अक्षर पटेल (नाबाद 57) के साथ 102 रन की अटूट साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल की 80 रन की पारी के बाद इन दोनों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।

वॉशिंगटन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ''मुझे अलग-अलग भूमिकाएं निभाना रोमांचक लगता है। बहुत कम खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। इससे मुझे अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलता है।''
उन्होंने कहा, ''मैं टीम को जीत दिलाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करता हूं। खेल की अलग-अलग परिस्थितियों और अलग-अलग चरणों में खेलना रोमांचक होता है।'' वॉशिंगटन ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक बल्लेबाज के रूप में उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा के प्रभाव को भी स्वीकार किया।
उन्होंने कहा, ''गौती भाई (गौतम गंभीर) ने हमेशा मुझे बताया कि मैं बल्लेबाजी में क्या खास योगदान दे सकता हूं। उन्होंने मुझे मेरे खेल के बारे में समझाया। गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने मुझे एक व्यक्ति के रूप में और एक क्रिकेटर के रूप में खुद को बेहतर ढंग से समझने में बहुत मदद की है।''
वॉशिंगटन ने कहा,''एक ऑलराउंडर के रूप में मुझे लगता है कि हर दिन सुधार करने की कोशिश करना, अपने खेल को समझना और परिस्थिति के अनुसार खेलना बहुत जरूरी है। अधिक मैच खेलने से भी मदद मिलती है। आपको विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने का मौका मिलता है। इससे आप समझ पाते हैं कि आप वास्तव में क्या कर सकते हैं। आपको बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है।''
तमिलनाडु के इस क्रिकेटर ने कहा कि टीम को ऐसे खिलाड़ियों से बहुत फायदा मिलता है जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं। वॉशिंगटन ने कहा, ''मेरे लिए ऑलराउंडर होना बहुत बड़ा सौभाग्य है। मेरा मतलब है कि किसी भी टीम में जितने अधिक ऑलराउंडर होंगे टीम को उतना अधिक फायदा मिलेगा क्योंकि तब आप परिस्थितियों के अनुसार खेल सकते हैं।''
उन्होंने कहा, ''आपको कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि आपके पास विकल्पों की कमी है। हम दुनिया भर में बहुत क्रिकेट खेलते हैं। परिस्थितियां काफी अलग होती हैं। आज का दिन हम सभी के लिए अच्छा रहा।'' वॉशिंगटन ने कप्तान गिल और साथी ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, ''विकेट से गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी। शुभमन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण थी। अक्षर ने शानदार बल्लेबाजी की और हर बार महत्वपूर्ण मौके पर चौके लगाए जिससे काम आसान हो गया।''
वॉशिंगटन ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की भी प्रशंसा की, जिन्होंने बेन डकेट और जैकब बेथेल के विकेट लिए। उन्होंने कहा, ''गुरनूर ने शुरू से अपना जज्बा दिखाया है। मैंने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में गुजरात टाइटंस में एक साथ खेलते हुए करीब से देखा है। चाहे मैच हो या अभ्यास सत्र, वह हमेशा अपना सब कुछ झोंक देते हैं। इस मैच में जीत में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।''
सम्बंधित ख़बरें
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं होगा सिनर का बचाव अभियान, चोट बनी वजह
दो बार के विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने गुरुवार को यह घोषणा की।
