हरमीत और उन्मुक्त बोले- ओलंपिक से अमेरिका में क्रिकेट का होगा बड़ा विस्तार
फुटबॉल विश्व कप के कारण इन दिनों अमेरिका में फुटबॉल का जुनून चरम पर है, लेकिन इसके साथ ही क्रिकेट भी तेजी से अपनी जगह बना रहा है और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। देश की पहली पेशेवर टी20 प्रतियोगिता मेजर लीग क्रिकेट…

फुटबॉल विश्व कप के कारण इन दिनों अमेरिका में फुटबॉल का जुनून चरम पर है, लेकिन इसके साथ ही क्रिकेट भी तेजी से अपनी जगह बना रहा है और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
देश की पहली पेशेवर टी20 प्रतियोगिता मेजर लीग क्रिकेट का चौथा सत्र इन दिनों कैलिफोर्निया और टेक्सास में खेला जा रहा है। माना जा रहा है कि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी और एमएलसी के विस्तार से अमेरिका में इस खेल को नई पहचान मिलेगी।
मुंबई में जन्मे और अब एमएलसी टीम सिएटल ऑर्कास के लिए खेलने वाले हरमीत सिंह का मानना है कि ओलंपिक क्रिकेट के लिए एक बड़ा मोड़ साबित होगा। हरमीत ने एक समाचार एजेंसी से कहा, "अगर क्रिकेट ओलंपिक में होगा तो अमेरिका के स्थानीय लोगों का भी ध्यान इस खेल की ओर जाएगा। इससे वे क्रिकेट को अपनाना शुरू करेंगे और खेल को नई पहचान मिलेगी।"

एमएलसी में दुनिया के कई बड़े क्रिकेटर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें रविचंद्रन अश्विन, फाफ डु प्लेसिस, केशव महाराज, सुनील नारायण, मार्कस स्टोइनिस, कुसल परेरा, रचिन रवींद्र, हारिस रऊफ, उन्मुक्त चंद और जेसन होल्डर जैसे नाम शामिल हैं।
हरमीत ने बोला, "अमेरिका में क्रिकेट मुख्य रूप से प्रवासी परिवारों के बच्चों के बीच लोकप्रिय है। लेकिन जैसे-जैसे यह खेल देश में अपनी जड़ें मजबूत करेगा, स्थानीय प्रतिभाएं भी बड़ी संख्या में इससे जुड़ेंगी। 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट के शामिल होने से इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी। यदि यह विकास लगातार जारी रहा, तो स्कूल और कॉलेज भी क्रिकेट खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देना शुरू कर सकते हैं।"
भारत को 2012 में अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान उन्मुक्त चंद अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए 2021 में अमेरिका चले गए थे। एलए नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले उन्मुक्त चंद ने कहा, "2021 में यहां आने के बाद पिछले पांच वर्षों में क्रिकेट का तेजी से विकास हुआ है। हर साल कुछ नया देखने को मिल रहा है। इस वर्ष हमें लॉस एंजिलिस में क्रिकेट का समर्पित स्टेडियम भी मिल गया है।"
पिछले सप्ताह एलए नाइट राइडर्स ने कैलिफोर्निया के पोमोना में एक नए क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया, जिसे अमेरिका में क्रिकेट का स्थायी केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मैदान में आठ विकेट (पिच), आईसीसी मानकों के अनुरूप मैदान का आकार और 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर हैं। यही मैदान 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करेगा।
एमएलसी में फिलहाल छह टीमें हैं, लेकिन अगले वर्ष इसे बढ़ाकर आठ टीमों तक करने की योजना है। इसे अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत माना जा रहा है, जहां बेसबॉल, बास्केटबॉल और फुटबॉल सबसे लोकप्रिय खेल हैं।
उन्मुक्त ने कहा, "भारत में हर कोई क्रिकेट को जानता और समझता है, लेकिन अमेरिका में यह अभी सीमित लोगों का खेल है। जब स्थानीय लोग इसे अपनाएंगे, तभी इसका वास्तविक विस्तार होगा।"
हरमीत सिंह का मानना है कि क्रिकेट के विकास के लिए सबसे जरूरी चीज बुनियादी ढांचा है। उन्होंने कहा, "अभी हमारे पास तीन-चार स्टेडियम हैं, लेकिन और शहरों में ज्यादा मैदान, स्टेडियम और आउटडोर प्रशिक्षण सुविधाओं की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट की जड़ें तभी मजबूत होंगी, जब स्कूल और कॉलेज इस खेल को बढ़ावा देंगे और खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देंगे। उन्होंने कहा, "अगर अमेरिका में कोई 10 साल का बच्चा बल्ला उठाता है तो उसके सामने यह स्पष्ट रास्ता होना चाहिए कि वह किस प्रक्रिया से आगे बढ़कर अमेरिकी टीम तक पहुंच सकता है। फिलहाल यह रास्ता साफ नहीं है।"
मेजर लीग क्रिकेट का मौजूदा सत्र 18 जून से शुरू हुआ था। छह टीमें कैलिफोर्निया के दो और टेक्सास के डलास स्थित एक मैदान सहित कुल तीन मैदानों पर 34 मैच खेल रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 18 जुलाई को कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिज़ीयम में खेला जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
