गांगुली की बेबाक राय - जय शाह की सोच अलग थी, लेकिन उनका उद्देश्य साफ था
बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सौरव गांगुली ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए जय शाह की तारीफ की है। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें बोर्ड के तत्कालीन सचिव और आईसीसी ध्यक्ष जय शाह से ‘‘एक खास तरह की सख्ती और जिद्दीपन’’ की…

बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सौरव गांगुली ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए जय शाह की तारीफ की है। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें बोर्ड के तत्कालीन सचिव और आईसीसी ध्यक्ष जय शाह से ‘‘एक खास तरह की सख्ती और जिद्दीपन’’ की उम्मीद थी लेकिन वह उनकी ‘‘ईमानदारी’’ और चीजों को व्यवस्थित करने के तरीके से प्रभावित थे।

गांगुली और शाह अक्टूबर 2019 से सितंबर 2022 तक दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड में एक साथ पदाधिकारी रहे थे। यह कोरोना का दौर था जिसके कारण कुछ महीनों के लिए खेल गतिविधियां को रोक दिया गया था।
एक समाचार एजेंसी को दिए विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा, ‘‘उनका (जय शाह) काम करने का अपना तरीका था लेकिन उनके बारे में सबसे अच्छी बात यह थी कि वह भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए चीजों को सही तरह से व्यवस्थित करना चाहते थे।’’
उन्होंने शाह के गृहमंत्री अमित शाह के बेटे होने के बारे में बोला, ‘‘देखिए, उनके पास ताकत थी, समर्थन था, इसलिए आप उनसे एक खास तरह की सख्ती और जिद्दीपन की उम्मीद करते थे लेकिन उन्होंने भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए काफी कुछ किया।’’
यह पहला मौका था जबकि गांगुली और शाह दोनों बीसीसीआई में एक साथ किसी पद पर थे। इससे पहले गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जबकि शाह गुजरात क्रिकेट संघ में पदाधिकारी थे।
गांगुली की जगह 2022 में एक अन्य पूर्व टेस्ट खिलाड़ी रोजर बिन्नी को बीसीसीआई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि शाह नवंबर 2024 तक सचिव बने रहे। इसके बाद वह 36 वर्ष की उम्र में आईसीसी के सबसे युवा अध्यक्ष बने।
एक राजनीतिक परिवार के वारिस और एक प्रसिद्ध क्रिकेट स्टार के बीच आपसी रिश्तों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनके बीच सौहार्दपूर्ण संबंध थे जो आज भी कायम हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध थे और आज भी हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं। जब वह सितंबर 2019 में गुजरात क्रिकेट संघ से सीधे बीसीसीआई में आए तो वह काफी युवा थे।
वह काफी सहयोगी और मिलनसार व्यक्ति हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जाहिर तौर पर उनकी अपनी अलग सोच थी और यह सही भी है। वह कुछ नया करना चाहते थे और आज भी ऐसा करते हैं। अब वह आईसीसी के अध्यक्ष हैं और यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।’’
गांगुली का मानना है कि समय के साथ शाह अपने काम में निपुण होते गए। जल्द ही 53 साल के होने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी ने कहा, ‘‘वह खिलाड़ियों का बहुत समर्थन करते हैं। जैसे-जैसे उन्होंने सीखा, वह अपने काम में निपुण होते गए। उनकी सबसे अच्छी बात यह है कि वह इस खेल के लिए अच्छा करना चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि शाह को अपनी स्थिति का पूरा अहसास था और वह हमेशा अपने काम को सिद्धांतबद्ध तरीके से करना चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत ईमानदार हैं और वह इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ थे कि वह कौन है और उनके साथ क्या हो सकता है। इसलिए, वह हर समय सही और उचित तरीके से काम करना चाहते थे।’’
गांगुली ने कहा, ‘‘हम सभी ने गलतियां कीं, मैंने भी कीं, उन्होंने भी कीं। लेकिन ऐसा कभी जानबूझकर नहीं किया गया और खेल कभी नहीं रुका।‘‘ उन्होंने कहा कि अब भी कभी-कभी वह दोनों एक दूसरे से मिल जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जाहिर है, उन्होंने प्रगति की है, वह अब आईसीसी के अध्यक्ष हैं।
आप उनसे कुछ अवसरों पर ही मिल सकते हैं क्योंकि हम अलग-अलग शहरों में रहते हैं। मैं प्रशासन में शामिल नहीं हूं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे कुछ समय पहले इंग्लैंड में मिला था। हमारी आईसीसी की बैठकों में मुलाकात होती है क्योंकि मैं आईसीसी की क्रिकेट समिति का अध्यक्ष हूं। वह चाहते हैं कि खेल निरंतर आगे बढ़ता रहे।’’
सम्बंधित ख़बरें
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं होगा सिनर का बचाव अभियान, चोट बनी वजह
दो बार के विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने गुरुवार को यह घोषणा की।
