सेमीफाइनल से पहले बोले श्रीजेश : जीत के बाद भी भारत को रखना होगा पैरों को जमीन पर
जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में सात बार की विजेता जर्मनी के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को मुख्य कोच पी आर श्रीजेश ने एक बार फिर एक ही संदेश दिया है: काम अभी पूरा नहीं हुआ है और अपने पैर जमीन…

जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में सात बार की विजेता जर्मनी के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को मुख्य कोच पी आर श्रीजेश ने एक बार फिर एक ही संदेश दिया है: काम अभी पूरा नहीं हुआ है और अपने पैर जमीन पर रखने होंगे।
भारत ने क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को एक बेहद रोमांचक मैच में 4-3 से हराया। मैच आखिरी मिनट में गोल गंवाने के बाद शूटआउट तक गया, लेकिन दो बार के ओलंपिक पदक विजेता श्रीजेश का कहना है कि इस तरह की गलतियों की जर्मनी जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ कोई गुंजाइश नहीं है।
श्रीजेश ने कहा, ‘‘बेल्जियम के खिलाफ पहले 45 मिनट हम गोल से पीछे थे और फिर आखिरी मिनट में गोल गंवाना, जिससे मैच शूटआउट तक गया, मुझे अच्छा नहीं लगा। ऐसे मौके बचाने चाहिए थे।’’

भारत के महान गोलकीपर रहे श्रीजेश ने खिलाड़ियों को यह भी समझाया कि अच्छे मूव को फाइनल टच देना कितना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम लगातार आक्रमण कर रहे थे और मौके बना रहे थे, लेकिन सर्कल के भीतर गेंद का नियंत्रण नहीं खोना चाहिए। कठिन टीमों के खिलाफ मौके कम मिलते हैं, और जो भी मौके मिले, उन्हें भुनाना होगा।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या लीग चरण में आसान विरोधियों से क्वार्टर फाइनल में दबाव ज्यादा रहा, तो श्रीजेश ने जवाब दिया, ‘‘लीग दौर के मैच सभी के लिए लगभग बराबर होते हैं। कुछ टीमों को कठिन मुकाबला मिल जाता है, लेकिन हमने अपनी टीम का स्तर ऊंचा रखा और उन्हें चुनौती दी कि निर्धारित गोल तक पहुंचें। नॉकआउट चरण में दबाव अलग होता है।’’
भारत ने राउंड रॉबिन चरण में 29 गोल किए और एक भी नहीं गंवाया। लेकिन कोच श्रीजेश ने चेताया कि क्वार्टर फाइनल से अधिक दबाव अब सेमीफाइनल में होगा। ‘‘क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम क्वालीफाई नहीं कर सकी। हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। जर्मनी पूरी तैयारी के साथ उतरेगी, इसलिए हमें अपने खेल में सुधार करना होगा।’’
श्रीजेश ने युवा खिलाड़ियों को मैच जीतने के बाद भी याद दिलाया कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है और आत्ममुग्धता से बचना जरूरी है। ‘‘मैंने टीम से कहा कि पैर जमीन पर रखें और फोकस अगले मैच पर रखें। सबसे अहम बात यह है कि अच्छे प्रदर्शन से ज्यादा अपनी गलतियों पर ध्यान दें। डी के अंदर की गई गलतियों को सुधारना जरूरी है।’’
उन्होंने यह भी जोर दिया कि ये खिलाड़ी सिर्फ जूनियर विश्व कप खेलने नहीं आए हैं, बल्कि भविष्य में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। ‘‘इन्हें इस दबाव का सामना करना आना चाहिए। आगे ओलंपिक, एशियाई खेल, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेल खेलने हैं। अभी यह शुरुआती कदम हैं, और यहां अच्छा प्रदर्शन करने से आगे की राह आसान होगी।’’
सम्बंधित ख़बरें
उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में
पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल
भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।
लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की आनंद नगर शाखा द्वारा LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 का भव्य शुभारंभ
लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की आनंद नगर शाखा के तत्वावधान में दो दिवसीय LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 का भव्य आयोजन 27 एवं 28 नवंबर 2026 को नॉर्दर्न रेलवे स्टेडियम, लखनऊ में किया जा रहा है।
शिवानी पब्लिक स्कूल में आठवीं शिवानी चेस मेनिया चैंपियनशिप का आगाज़
शिवानी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को आठवीं शिवानी चेस मेनिया चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ।
