द इंडियन व्यू

'सेमीफाइनल में हम हर मोर्चे पर पिछड़े' : स्पेन से हार के बाद बोले एमबाप्पे

फीफा विश्वकप सेमीफाइनल में स्पेन से 0-2 की हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने कहा कि उनकी टीम ने वैसा प्रदर्शन ही नहीं किया, जैसा विश्वकप के सेमीफाइनल में होना चाहिए था। उन्होंने माना कि फ्रांस रणनीतिक,…

Ragwendra P Singh
July 15, 2026
3 min read
'सेमीफाइनल में हम हर मोर्चे पर पिछड़े' : स्पेन से हार के बाद बोले एमबाप्पे

फीफा विश्वकप सेमीफाइनल में स्पेन से 0-2 की हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने कहा कि उनकी टीम ने वैसा प्रदर्शन ही नहीं किया, जैसा विश्वकप के सेमीफाइनल में होना चाहिए था। उन्होंने माना कि फ्रांस रणनीतिक, तकनीकी और समग्र प्रदर्शन के स्तर पर स्पेन से काफी पीछे रहा।

पूरे टूर्नामेंट में आठ गोल कर शानदार फॉर्म में रहे एमबाप्पे अपनी टीम को लगातार तीसरे विश्वकप फाइनल में नहीं पहुंचा सके। स्पेन ने एटीएंडटी स्टेडियम में फ्रांस को हराकर उसका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया।

मैच के बाद एमबाप्पे ने कहा, मुझे नहीं लगता कि हमने वैसा मैच खेला, जैसा हम खेलना चाहते थे। चाहे रणनीति की बात हो, तकनीकी स्तर की या हमारे पूरे प्रदर्शन की, हम हर मोर्चे पर पीछे रहे। उन्होंने कहा, जब आप विश्वकप के सेमीफाइनल में वह नहीं करते, जो करना चाहिए तो आप जीत नहीं सकते।

साभार : गूगल

एमबाप्पे ने बताया कि फ्रांस की योजना स्पेन पर आगे से दबाव बनाकर उसे अपने खेल की लय में आने से रोकने की थी। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य था कि हम स्पेन पर आगे से दबाव बनाएं ताकि वह अपने धीमे और नियंत्रित खेल में न आ सके। क्योंकि खेल को नियंत्रित करने में वे हमसे बेहतर हैं लेकिन हम इसमें पूरी तरह असफल रहे।

एमबाप्पे ने हार का सबसे बड़ा कारण मिडफील्ड की कमजोरी को बताया। उन्होंने कहा, हम बार-बार मिडफील्ड में 3 बनाम 2 की स्थिति में फंसते रहे। स्पेन जैसी टीम के खिलाफ यह बहुत बड़ी समस्या है। जब ऐसी कई गलतियां एक साथ होती हैं तो नतीजा हार ही होता है। यह हमारे लिए बहुत बड़ी निराशा है।

फ्रांस के कप्तान ने कहा कि टीम का सपना फाइनल में पहुंच कर देश को फिर से विश्व चैंपियन बनाने का था। उन्होंने कहा, हमारा सपना था कि हम फाइनल में पहुंचें, अपने देश को फिर से सपने देखने का मौका दें और इतिहास रचें लेकिन अब हमें इस हार का सामना सिर ऊंचा रखकर करना होगा।

उन्होंने आगे कहा, मेरा मानना है कि जब आप जीतते हैं तो सिर ऊंचा रखकर जीतते हैं और जब हारते हैं तो सिर ऊंचा रखकर हार स्वीकार करनी चाहिए। एमबाप्पे ने स्वीकार किया कि पूरी टीम इस हार से बेहद निराश है। उन्होंने कहा, इस समय मैं शब्दों में नहीं बता सकता कि मैं और पूरी टीम कितनी निराश है।

लेकिन हमें खुद को संभालना होगा, छुट्टियों पर जाना होगा और फिर नई शुरुआत करनी होगी। क्योंकि फुटबॉल किसी का इंतजार नहीं करता। हमें इस असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप

पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।

हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।

ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं होगा सिनर का बचाव अभियान, चोट बनी वजह

दो बार के विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने गुरुवार को यह घोषणा की।