सीरीज बचाने उतरेगा भारत, तीसरे टी-20 में टीम संयोजन में बदलाव संभव
ब्रिटेन दौरे पर टीम इंडिया को अभी तक जीत का इंतजार है। पांच मैच की टी-20 सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही मेहमान टीम मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मुकाबले में टीम संयोजन में बदलाव कर सकती है। उसके सामने सीरीज बचाने की…

ब्रिटेन दौरे पर टीम इंडिया को अभी तक जीत का इंतजार है। पांच मैच की टी-20 सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही मेहमान टीम मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मुकाबले में टीम संयोजन में बदलाव कर सकती है। उसके सामने सीरीज बचाने की मुश्किल चुनौती है।
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम प्रबंधन अतिरिक्त तेज गेंदबाज को अंतिम एकादश में लेने पर विचार कर रहा है जबकि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की जगह खतरे में दिखाई दे रही है। भारत अब तक चार में से तीन मुकाबले हार चुका है। इनमें आयरलैंड के खिलाफ 0-2 की शर्मनाक सीरीज हार भी है। ऐसे में टीम के लिए तीसरा टी-20 ‘करो या मरो’ जैसा मुकाबला बन गया है।
दूसरे मैच में बिश्नोई पूरी तरह लय से बाहर थे। उन्होंने तीन ‘बैक-फुट नो-बॉल’ फेंकीं और 17वें ओवर में 29 रन लुटाए। चार ओवर में बिना विकेट 60 रन खर्चने के बाद ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए बिश्नोई का अंतिम एकादश में शामिल होना मुश्किल माना जा रहा है। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है।

बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ ही शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। पिछले छह महीनों से आईपीएल समेत अधिकांश मुकाबले सपाट विकेटों पर खेलने वाली भारतीय बल्लेबाजी इकाई इंग्लैंड की अतिरिक्त उछाल, गेंद की हरकत और सैम कुरन जैसे गेंदबाजों की विविधताओं के सामने संघर्ष करती दिखी है।
कप्तान श्रेयस अय्यर और इशान किशन ने कुछ उपयोगी रन जरूर बनाए हैं, लेकिन दोनों ही यह स्वीकार करेंगे कि वे इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नहीं हो सके। इंग्लैंड के स्पिनर लियाम डॉसन, विल जैक्स और आदिल रशीद लगातार गेंद की गति कम रखकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं।
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी-20 विश्व कप के बाद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं और थोड़ी तेज गति से गेंदबाजी कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
