द इंडियन व्यू

हरमनप्रीत की टीम ने लॉर्ड्स में लहराया जीत का परचम, इंग्लैंड को 270 रन से दी करारी शिकस्त

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट में सोमवार को इंग्लैंड को 270 रन से हराकर इतिहास रचा। यह टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। चौथे और अंतिम दिन भारत को जीत के…

Ragwendra P Singh
July 13, 2026
2 min read
हरमनप्रीत की टीम ने लॉर्ड्स में लहराया जीत का परचम, इंग्लैंड को 270 रन से दी करारी शिकस्त

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट में सोमवार को इंग्लैंड को 270 रन से हराकर इतिहास रचा। यह टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। चौथे और अंतिम दिन भारत को जीत के लिए केवल चार विकेट की जरूरत थी, जिन्हें उसने महज डेढ़ घंटे के भीतर हासिल कर लिया।

457 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड टीम तीसरे दिन ही 59/5 के स्कोर पर लड़खड़ा गई थी और दिन का खेल खत्म होने पर केवल 130 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। चौथे दिन सोमवार को उसने 130/6 से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन केवल 56 रन और जोड़कर 186 रन पर सिमट गई।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दिन की शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और स्पिनरों के साथ करीबी फील्डर लगाकर इंग्लैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा। एमी जोन्स ने संघर्ष करते हुए 54 रन बनाए, जबकि सोफी एक्लेस्टोन ने 50 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला।

© PA Photos/Getty Images

भारतीय स्पिनरों ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया। स्नेह राणा ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। आखिरी विकेट भी राणा ने ही हासिल किया, जब उनकी शानदार टर्न लेती गेंद ने एक्लेस्टोन की गिल्लियां बिखेर दीं।

इससे पहले भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाए थे, जिसमें स्मृति मंधाना ने 83 और हरमनप्रीत कौर ने 58 रन की अहम पारियां खेलीं। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 170 रन पर सिमट गई, जहां तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।

दूसरी पारी में भारत ने 341 रन पर पारी घोषित की। यास्तिका भाटिया ने शानदार 113 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 70 रन बनाकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई।

भारत की इस जीत के साथ महिला टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी कुल चौथी जीत दर्ज हुई, जो किसी भी एक टीम के खिलाफ उसकी सबसे अधिक टेस्ट जीत है। इंग्लैंड की धरती पर खेले गए 10 महिला टेस्ट मैचों में यह भारत की तीसरी जीत रही, जबकि बाकी सात मुकाबले ड्रॉ रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप

पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।

हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।

ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं होगा सिनर का बचाव अभियान, चोट बनी वजह

दो बार के विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने गुरुवार को यह घोषणा की।