द इंडियन व्यू

भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा सामना

मुंबई : भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में टीम…

Ragwendra P Singh
March 6, 2026
3 min read
भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया, टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा सामना

मुंबई : भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 08 मार्च को न्यूजीलैंड टीम से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होगा।

 

सैमसन की विस्फोटक पारी से भारत का बड़ा स्कोर

 

भारतीय पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद संजू सैसमन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे।

 

सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की अहम साझेदारी की। किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

 

अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया।

 

बैथेल का शतक, लेकिन इंग्लैंड को नहीं दिला सके जीत

 

254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को शुरुआत में झटके लगे। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने पावरप्ले में एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाया।

 

हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बैथल ने शानदार शतक लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने जोस बटलर, टॉम बैंटन और विल जैक्स के साथ अहम साझेदारियां कीं।

 

मैच के 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 209 रन था और उसे आखिरी तीन ओवर में 45 रन की जरूरत थी। उस समय मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया था।

 

बुमराह और पांड्या के ओवरों ने बदला मैच

 

18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन दिए। इसके बाद 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम करन को आउट कर इंग्लैंड पर दबाव बढ़ा दिया।

 

आखिरी ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी शिवम दुबे को दी गई और पहली ही गेंद पर जैकब बैथेल 105 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके साथ ही इंग्लैंड की उम्मीदें खत्म हो गईं और टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

 

इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है और अब वह खिताब बचाने से सिर्फ एक कदम दूर है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घटाई महिला खिलाड़ियों की अनुबंध सूची, आठ को मिला मौका

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए आठ महिला क्रिकेटरों के केंद्रीय अनुबंधों की घोषणा की है। इसमें फातिमा सना और सादिया इकबाल को श्रेणी ए में जगह मिली है। पिछले अनुबंध चक्र में 20 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया था, लेकिन इस बार यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है।

10 खिलाड़ियों के साथ बॉर्नमाउथ का कमाल, सेल्टा विगो को हराकर जीत का सिलसिला बरकरार

10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही बॉर्नमाउथ ने यूईएफए यूरोपा लीग में सेल्टा विगो को 2-1 से हराया। टीम ने पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और लगातार पांचवें मुकाबले में जीत हासिल की।

मेरिडा और जॉडार बने स्पेन की जीत के नायक, ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया

स्पेन ने डेविस कप फाइनल्स में अपनी खिताबी दावेदारी को मजबूत करते हुए युवा खिलाड़ियों के दम पर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से शिकस्त दी।

क्रूसिबल कप पर पंकज का कब्जा, 2027 में भारत करेगा टूर्नामेंट की मेजबानी

पंकज आडवाणी रीडिंग में क्रूसिबल कप जीतने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने दो दिन तक शानदार स्नूकर खेला, जिसका नतीजा फाइनल में टोनी ड्रैगो पर 6-0 की शानदार जीत के रूप में सामने आया।