द इंडियन व्यू

प्रतिष्ठा दांव पर, आखिरी टी20 में पलटवार की तलाश में टीम इंडिया

चार मैचों में लगातार हार झेल चुकी भारतीय टीम अब सम्मान बचाने की लड़ाई में उतरने जा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में भारत की नजर हार के सिलसिले को तोड़ने और क्लीन स्वीप…

Ragwendra P Singh
July 10, 2026
4 min read
प्रतिष्ठा दांव पर, आखिरी टी20 में पलटवार की तलाश में टीम इंडिया

चार मैचों में लगातार हार झेल चुकी भारतीय टीम अब सम्मान बचाने की लड़ाई में उतरने जा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में भारत की नजर हार के सिलसिले को तोड़ने और क्लीन स्वीप की शर्मिंदगी से बचने पर होगी। इसके लिए टीम को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों विभागों में अब तक के मुकाबलों से कहीं बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की यात्रा आयरलैंड के बेलफास्ट के उमस भरे और हवादार मौसम से शुरू हुई। इसके बाद टीम ने उत्तरी इंग्लैंड के डरहम शहर में समय बिताया और अब वह दक्षिणी शहर साउथम्प्टन में पांच मैचों की श्रृंखला का आखिरी मैच खेलेगी। इस श्रृंखला का पहला मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।

ब्रिटेन के छह शहरों (बेलफास्ट सहित) में एक बात समान रही है, किस्मत का अय्यर का साथ नहीं देना। कप्तान बनने के बाद उन्हें अब भी अपनी पहली जीत की तलाश है। भारतीय टीम के 2006 में पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद से यह सबसे लंबा अंतराल है जबकि वह कोई मैच नहीं जीत पाई।

साभार : गूगल

ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे मैच को छोड़कर भारत ने खेल के हर विभाग में लचर प्रदर्शन किया। दूसरे मैच में भारत अच्छी स्थिति में दिख रहा था लेकिन रवि बिश्नोई के 17वें ओवर ने भारत को जीत से दूर कर दिया। नॉटिंघम में भारत ने अब तक का सबसे खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन किया और टीम 76 रन पर आउट हो गई। ब्रिस्टल में खेले गए चौथे मैच में टीम प्रत्येक विभाग में नाकाम रही।

अब टीम प्रतिष्ठा बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी। अय्यर का कट्टर प्रशंसक उनकी कप्तानी के शुरुआती दिनों में 0-4 की शर्मनाक हार से बेहतर 1-3 की हार को ही स्वीकार कर लेगा। जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज गति की गेंदों का सामना न कर पाने से भारतीय टीम प्रबंधन निश्चित रूप से चिंतित होगा। इन दोनों के अलावा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सैम कुरेन ने भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है।

वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा के चोट की वजह से बाहर होने और रवि बिश्नोई के एक ओवर में 29 रन देने के बाद उनकी वापसी की बहुत कम संभावना को देखते हुए भारत के पास गेंदबाजी विभाग में बहुत कम विकल्प रह गए हैं। बल्लेबाजी विभाग में टीम प्रबंधन वैभव सूर्यवंशी को लंबे समय तक मौका देना चाहेगा, भले ही शॉर्ट-पिच गेंदों के सामने उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।

संजू सैमसन को यहां अंतिम एकादश और जिम्बाब्वे दौरे की टीम से बाहर किए जाने से हर कोई हैरान और नाखुश है। उन्हें खराब फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा को बाहर किए जाने से ही अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। ऐसा करने पर इशान किशन और अय्यर दोनों को एक-एक स्थान नीचे आना पड़ेगा। किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और उन्हें नीचे भेजने से टीम को खास मदद नहीं मिलेगी।

इंग्लैंड के लिए न केवल तेज गेंदबाजों बल्कि उसके स्पिनर विल जैक्स, आदिल राशिद और लियाम डॉसन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके विपरीत भारतीय स्पिनर अभी तक जूझते हुए नजर आए हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाजी विभाग में फिल साल्ट, जोस बटलर, कप्तान हैरी ब्रूक से लेकर युवा जैकब बेथेल ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर भारतीय आक्रमण की धज्जियां उड़ाने में कसर नहीं छोड़ी है।

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम कुरेन, जोश टंग, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, सन्नी बेकर, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी

हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप

पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।

हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।