द इंडियन व्यू

जूनियर हॉकी विश्व कप : भारत की शानदार जीत, अब जर्मनी से टक्कर

निर्धारित समय में आखिरी मिनट में गोल गंवाने के बाद भारतीय टीम ने बेल्जियम को शुक्रवार को चेन्नई में शूटआउट में गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर 4-3 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह…

Ragwendra P Singh
December 6, 2025
3 min read
जूनियर हॉकी विश्व कप : भारत की शानदार जीत, अब जर्मनी से टक्कर

निर्धारित समय में आखिरी मिनट में गोल गंवाने के बाद भारतीय टीम ने बेल्जियम को शुक्रवार को चेन्नई में शूटआउट में गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर 4-3 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारत का सामना अब सात दिसंबर को जर्मनी से होगा, जबकि स्पेन की भिड़ंत अर्जेंटीना से होगी। इस मुकाबले में निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 से बराबर था। भारत को आखिरी सीटी बजने से एक मिनट पहले कोताही बरतने का खामियाजा भुगतना पड़़ा और रोजे नाथन के गोल की मदद से बेल्जियम ने मैच को शूटआउट तक खींच दिया।

शूटआउट में भारत के लिये शारदानंद तिवारी ने तीन (पेनल्टी स्ट्रोक पर) और अंकित पाल ने एक गोल किया, जबकि बेल्जहयम के लिये हुजो लाबुशेरे, जी हाआक्स और चार्ल्स एल ने गोल दागे।

@FIH_Hockey

इससे पहले मैच में 45वें मिनट तक बेल्जियम ने अपनी सटीक पासिंग और गेंद पर नियंत्रण से भारत को दबाव में रखा लेकिन तीसरे क्वार्टर में कप्तान रोहित ने आखिरी मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर जैसे ही बराबरी का गोल दागा, मैच की तस्वीर बदल गई।

खचाखच भरे मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में मानो उत्साह का संचार हो गया। इससे दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर पर रोहित का प्रयास नाकाम रहने से मिली निराशा भी दूर हुई।

बेल्जियम को आखिरी मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस ने इस बार कोई चूक नहीं की। चौथे क्वार्टर की शुरूआत बेल्जियम ने काफी आक्रामक की और पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया लेकिन बढत नहीं बना सकी।

भारत को जवाबी हमले में 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और शारदानंद तिवारी ने जैसे ही भारत को बढत दिलाई , पूरा स्टेडियम ’इंडिया इंडिया’ के शोर से गूंज उठा।

यह इत्तेफाक ही है कि शारदानंद के निर्णायक गोल की मदद से ही भारतीय जूनियर टीम भुवनेश्वर में चार साल पहले हुए टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी को एक गोल से हराकर अंतिम चार में पहुंची थी।

इससे पहले शुरूआती क्वार्टर में भारत को छठे ही मिनट में गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन मनमीत के शॉट को बेल्जियम के गोलकीपर ने बचा लिया। मेजबान टीम को चार मिनट बाद पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन शारदानंद तिवारी का प्रयास नाकाम रहा।

दूसरी ओर बेल्जियम टीम ने जवाबी हमला करने में देर नहीं की और इसका फायदा मिला जब तेरहवें मिनट में कोर्नेज ने शानदार फील्ड गोल करके टूर्नामेंट में अब तक कोई चुनौती नहीं झेलने वाले भारतीय डिफेंस की कलई खोल दी।

दाहिने फ्लैंक से गेंद लेकर कोर्नेज ने सर्कल के भीतर पास दिया। गेंद भीतर से फिर बायीं तरफ बाहर को आई और भारत के सारे डिफेंडर दूसरी तरफ थे जिसका फायदा उठाकर कार्नेज ने तेजी से भागते हुए गेंद गोल के भीतर डाल दी।

गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह पूरी तरह चकमा खाकर बायीं ओर डाइव लगाकर गोल बचाने में नाकाम रहे। पहले क्वार्टर में बेल्जियम के पास एक गोल की बढत थी।

भारत को 24वें मिनट में बराबरी का मौका मिला लेकिन सौरभ आनंद कुशवाहा बायीं ओर से मिले पास को पकड़ नहीं सके। भारत को अगले ही मिनट मिले पेनल्टी कॉर्नर पर वैरिएशन से भी कामयाबी नहीं मिल सकी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में

पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल

भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।

लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की आनंद नगर शाखा द्वारा LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 का भव्य शुभारंभ

लखनऊ पब्लिक स्कूल्स की आनंद नगर शाखा के तत्वावधान में दो दिवसीय LPSC CROWN ATHLETICS MEET 2026 का भव्य आयोजन 27 एवं 28 नवंबर 2026 को नॉर्दर्न रेलवे स्टेडियम, लखनऊ में किया जा रहा है।