67 साल बाद फाइनल की जंग: जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक आमने-सामने
पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाने वाली जम्मू-कश्मीर की कहानी लगन और जुझारूपन की मिसाल है, खिताब जीतने के लिए इस छिपी हुई रुत्सम टीम को अगले पांच दिनों में आठ बार की चैम्पियन कर्नाटक के खिलाफ चमत्कारिक प्रदर्शन…

पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाने वाली जम्मू-कश्मीर की कहानी लगन और जुझारूपन की मिसाल है, खिताब जीतने के लिए इस छिपी हुई रुत्सम टीम को अगले पांच दिनों में आठ बार की चैम्पियन कर्नाटक के खिलाफ चमत्कारिक प्रदर्शन करना होगा।
कर्नाटक को सिर्फ उसके अतीत के प्रदर्शन के आधार पर ही प्रबल दावेदार नहीं माना जा रहा है, बल्कि इस सत्र में उसने समय-समय पर प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझने के बावजूद अलग-अलग हालात में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ पहले मुकाबले में खराब शुरुआत के बाद से कर्नाटक ने अपने मैदान पर और बाहर दमदार प्रदर्शन किया है। उसके स्टार बल्लेबाजों केएल राहुल, करूण नायर, देवदत्त पडिक्कल और रविचंद्रन स्मरण ने इस कामयाबी की कहानी लिखी है।
राहुल ने तीन मैचों में 457 रन, करूण ने आठ मैचों में 699 रन, पडिक्कल ने पांच मैचों में 532 रन और स्मरण ने आठ मैचों में 950 रन बनाए हैं। इससे कर्नाटक को कप्तानी में बदलाव के बावजूद सामंजस्य बिठाने में मदद मिली।

मयंक अग्रवाल की जगह पडिक्कल ने टीम की कमान संभाली और बल्लेबाजी तथा कप्तानी दोनों में खरे उतरे। इस मजबूत बल्लेबाजी क्रम का सामना हालांकि तेज गेंदबाज आकिब नबी की अगुवाई में जम्मू-कश्मीर के बेहतरीन गेंदबाजों से होगा।
जम्मू-कश्मीर ने 67 साल पहले रणजी ट्रॉफी में पदार्पण के बाद पहली बार फाइनल में प्रवेश किया है। नबी ने इस सत्र में 55 विकेट लिए हैं और यहां भी पिच से शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है।
कर्नाटक के पास भी शानदार गेंदबाजी आक्रमण है, जिसकी अगुवाई भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा करेंगे। उनका साथ देने के लिए विद्वत कावेरप्पा, विद्याधर पाटिल, विशाख विजयकुमार, शिखर शेट्टी और मोहसिन खान हैं। लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने 46 विकेट लेने के अलावा 442 रन भी बनाए हैं।
कर्नाटक के पूर्व कप्तान आर. विनय कुमार ने कहा, ‘‘श्रेयस ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है और काफी उपयोगी साबित हुआ है। इससे कर्नाटक दमदार टीम बनकर उभरी है।’’ अपने खिलाड़ियों के हुनर के अलावा कर्नाटक बड़े मैचों के उनके अनुभव के आधार पर भी प्रबल दावेदार लग रहा है।
राहुल, करूण, श्रेयस और मयंक उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2013-14 और 2014-15 में लगातार दो बार खिताब जीते। ये युवा खिलाड़ियों को दबाव का सामना करने के लिए मशविरा दे सकते हैं।
बंगाल और मध्यप्रदेश जैसे दिग्गजों को हराने वाली जम्मू-कश्मीर टीम के पास पारस डोगरा जैसा अनुभवी कप्तान है। मुख्य कोच अजय शर्मा और 41 वर्ष के डोगरा को खिलाड़ियों को बिना किसी दबाव के खुलकर खेलने का गुरूमंत्र देना होगा।
सम्बंधित ख़बरें
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घटाई महिला खिलाड़ियों की अनुबंध सूची, आठ को मिला मौका
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए आठ महिला क्रिकेटरों के केंद्रीय अनुबंधों की घोषणा की है। इसमें फातिमा सना और सादिया इकबाल को श्रेणी ए में जगह मिली है। पिछले अनुबंध चक्र में 20 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया था, लेकिन इस बार यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है।
10 खिलाड़ियों के साथ बॉर्नमाउथ का कमाल, सेल्टा विगो को हराकर जीत का सिलसिला बरकरार
10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही बॉर्नमाउथ ने यूईएफए यूरोपा लीग में सेल्टा विगो को 2-1 से हराया। टीम ने पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और लगातार पांचवें मुकाबले में जीत हासिल की।
मेरिडा और जॉडार बने स्पेन की जीत के नायक, ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया
स्पेन ने डेविस कप फाइनल्स में अपनी खिताबी दावेदारी को मजबूत करते हुए युवा खिलाड़ियों के दम पर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से शिकस्त दी।
क्रूसिबल कप पर पंकज का कब्जा, 2027 में भारत करेगा टूर्नामेंट की मेजबानी
पंकज आडवाणी रीडिंग में क्रूसिबल कप जीतने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने दो दिन तक शानदार स्नूकर खेला, जिसका नतीजा फाइनल में टोनी ड्रैगो पर 6-0 की शानदार जीत के रूप में सामने आया।
