इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान
नई दिल्ली : इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 35 वर्षीय ब्यूमोंट भारत के खिलाफ शुक्रवार से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले एकमात्र…

नई दिल्ली : इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 35 वर्षीय ब्यूमोंट भारत के खिलाफ शुक्रवार से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के बाद अपने 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करेंगी। लॉर्ड्स में होने वाला यह पहला महिला टेस्ट मैच उनके करियर का विदाई मुकाबला भी होगा।
साल 2009 में इंग्लैंड के लिए पदार्पण करने वाली ब्यूमोंट ने अपने करियर में 260 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह इंग्लैंड की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 12 शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज हैं। वह इंग्लैंड की उन केवल दो महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा है। इसके अलावा 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में 208 रन की पारी खेलकर वह महिला टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की पहली दोहरा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बनी थीं।
संन्यास की घोषणा करते हुए टैमी ब्यूमोंट ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के हवाले से कहा, "करीब 17 वर्षों तक इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। जब मैं छोटी बच्ची थी और क्रिकेट से प्यार हुआ था, तब मुझे यह भी नहीं पता था कि इंग्लैंड के लिए खेलना एक विकल्प हो सकता है। आज यह देखकर बेहद खुशी होती है कि खासकर इस गर्मी में कितनी लड़कियां और लड़के क्रिकेट से प्रेरित हुए हैं और हमारे देश में इस खेल ने कितनी लंबी यात्रा तय की है।"
उन्होंने आगे कहा,"हम हमेशा चाहते थे कि हम इंग्लैंड की कैप को अगली पीढ़ी तक सम्मान के साथ पहुंचाएं। अब समय आ गया है कि मैं यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सौंप दूं।"
लॉर्ड्स टेस्ट को लेकर उन्होंने कहा, "लॉर्ड्स में होने वाला यह टेस्ट मैच, जो महिलाओं का यहां पहला टेस्ट होगा, मेरे करियर को अलविदा कहने के लिए बिल्कुल सही अवसर है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरा करियर इतना यादगार और खास होगा।"
ब्यूमोंट महिला क्रिकेट में पेशेवर अनुबंध पाने वाली शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल थीं। उन्हें 2015 में पहला केंद्रीय अनुबंध मिला था। इसके दो साल बाद 2017 महिला वनडे विश्व कप में उन्होंने 410 रन बनाकर टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता और इंग्लैंड को घरेलू सरजमीं पर विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगी
टैमी ब्यूमोंट ने स्पष्ट किया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रही हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगी। वह फिलहाल द ब्लेज़ और बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से द हंड्रेड सहित अन्य घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलती रहेंगी।
सम्बंधित ख़बरें
जनवरी में लौटेगी हीरो हॉकी इंडिया लीग, 7 दिसंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026-27 सत्र की प्रमुख तारीखों और कार्यक्रम की घोषणा कर दी। प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होगी।
गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी
विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।
आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप
पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।
हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।
