द इंडियन व्यू

अनुषा के गोल्डन पॉइंट से यू मुंबा की पहली जीत, दबंग दिल्ली की अजेय लय टूटी

गोवा : अनुषा कुटुंबाले ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाते हुए गोल्डन पॉइंट पर निर्णायक अंक हासिल किया और मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी को बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 पावर्ड बाय चैटजीपीटी में पहली…

Ragwendra P Singh
July 15, 2026
4 min read
अनुषा के गोल्डन पॉइंट से यू मुंबा की पहली जीत, दबंग दिल्ली की अजेय लय टूटी

गोवा : अनुषा कुटुंबाले ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाते हुए गोल्डन पॉइंट पर निर्णायक अंक हासिल किया और मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी को बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 पावर्ड बाय चैटजीपीटी में पहली जीत दिला दी।

बुधवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में यू मुंबा ने अब तक अपराजित रही दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-7 से मात दी। मुकाबले का फैसला अंतिम महिला एकल मैच में हुआ, जहां यू मुंबा को जीत सुनिश्चित करने के लिए अनुषा कुटुंबाले को केवल एक गेम जीतना था।

लेकिन दिल्ली की अनुभवी स्पेनिश खिलाड़ी मारिया शियाओ ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए टाई के चार मैच प्वाइंट बचाए और पहला गेम अपने नाम कर लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा गेम भी जीतकर स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। मुकाबला गोल्डन पॉइंट तक पहुंचा, जहां अनुषा ने धैर्य बनाए रखते हुए निर्णायक अंक जीता और अपनी टीम को सीजन की पहली जीत दिला दी।

Picture Credit - Butterfly UTT

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में तथा नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग भारत में टेबल टेनिस के विकास को शीर्ष स्तरीय प्रतिस्पर्धा और वर्षभर चलने वाली विकास पहलों के माध्यम से मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।

दबंग दिल्ली को शुरुआती बढ़त यूसेफ अब्देल अज़ीज़ ने दिलाई, जिन्होंने मनुष शाह को तीन गेम में हराया। इसके बाद यू मुंबा की एना हरसी ने शानदार वापसी करते हुए सुतिर्था मुखर्जी को 2-1 से हराया और इस सीजन में सुतिर्था को पहली बार किसी गेम और मैच दोनों में हार का सामना करना पड़ा।

Picture Credit - Butterfly UTT

यू मुंबा ने इसके बाद एक और बड़ा झटका दिल्ली को तब दिया जब मनुष शाह और एना हरसी की जोड़ी ने साथियान ज्ञानसेकरण और मारिया शियाओ की अपराजित जोड़ी को 2-1 से मात दी। इसके साथ ही सीजन-6 और सीजन-7 को मिलाकर लगातार सात मैचों से चला आ रहा इस जोड़ी का विजयी अभियान भी समाप्त हो गया।

फ्रांस के लिलियन बार्दे ने इसके बाद एक और कड़े मुकाबले में साथियान ज्ञानसेकरण को 2-1 से हराकर यू मुंबा की बढ़त मजबूत कर दी। इस जीत के साथ बार्दे ने भारतीय अनुभवी खिलाड़ी के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अजेय रिकॉर्ड भी बरकरार रखा।

निर्णायक मुकाबले में मारिया शियाओ ने दो बार शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया, लेकिन तीसरे गेम के गोल्डन पॉइंट पर अनुषा कुटुंबाले ने बाजी मारते हुए यू मुंबा को सीजन-7 की पहली जीत दिला दी।

Picture Credit - Butterfly UTT

एना हरसी को शानदार प्रदर्शन के लिए फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया, जबकि यू मुंबा के कप्तान मनुष शाह को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई का पुरस्कार मिला। मारिया शियाओ को ChatGPT मैच आईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई और साथियान ज्ञानसेकरण को बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई सम्मान से नवाजा गया।

इससे पहले दिन में बटरफ्लाई यूटीटी के साथ आयोजित ग्रासरूट प्रतियोगिता ड्रीम यूटीटी जूनियर्स में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 7-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने पीबीजी पुणे जगुआर्स को 5-4 से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

गुरुवार को महाराष्ट्र डर्बी में मुंबई का मुकाबला पुणे से होगा

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर किया जा रहा है। वहीं, हिंदी, तमिल और अंग्रेज़ी में लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध है।

  • फाइनल स्कोर

  • यू मुंबा टीटी 8-7 दबंग दिल्ली टीटीसी

  • * मनुष शाह यूसेफ अब्देलअज़ीज़ से 1-2 (9-11, 5-11, 11-6) से हारे।
    * एना हरसी ने सुतिर्था मुखर्जी को 2-1 (9-11, 11-7, 11-6) से हराया।
    * मनुष शाह/एना हरसी ने साथियान ज्ञानसेकरण/मारिया शियाओ को 2-1 (11-4, 6-11, 11-8) से हराया।
    * लिलियन बार्दे ने साथियान ज्ञानसेकरण को 2-1 (11-10, 8-11, 11-8) से हराया।
    * अनुषा कुटुंबाले मारिया शियाओ से 1-2 (10-11, 9-11, 11-10) से हारीं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, खिताबी जंग में बराबरी

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चुनौतीवीर जावोखिर सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबले की दूसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई।

आडवाणी का ऐतिहासिक धमाका, पहली बार भारत की झोली में आया क्रूसिबल कप

पंकज आडवाणी प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने ब्रिटेन के रीडिंग में स्नूकर 900 प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को 6-0 से हराया।

हैगली ओवल में स्पिनरों को नहीं मिलती ज्यादा सफलता, कुलदीप पर बोले सोढ़ी

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने सिर्फ छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है।

ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं होगा सिनर का बचाव अभियान, चोट बनी वजह

दो बार के विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने गुरुवार को यह घोषणा की।