Trending

मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को दी 145 रन की चुनौती

लखनऊ सुपर जाइंट्स की चुस्त क्षेत्ररक्षण और सधी गेंदबाजी के सामने मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 48वें मैच में 20 ओवर में 7 विकेट पर 144 रन बनाए।

मुंबई से नेहाल बढेरा ने 41 गेंदों पर सबसे ज्यादा 46 रन जोड़े। ईशान किशन ने 32 रन बनाए। अपने बर्थडे पर रोहित शर्मा मात्र 4 रन बना सके।

@BCCI

लखनऊ ने भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के अपने घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

इस मैच में लखनऊ से पहला ओवर फेंकते हुए मार्कस स्टोयनिस ने 2 रन दिए। इसके अगले ही ओवर में रोहित शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे।

टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के कप्तान चुने गए रोहित शर्मा (4) को मोहसिन खान ने पारी के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच कराकर आउट किया। रोहित का आज बर्थडे भी था, इस अवसर पर उनका बड़ी पारी खेलने का अरमान पूरा नहीं हो पाया।

तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर सूर्यकुमार यादव का विकेट गिर गया। सूर्यकुमार यादव ने 10 रन बनाए। वह स्टोइनिस की गेंद पर विकेट के पीछे केएल राहुल का शिकार बने। इसके पिछले ओवर में ही मुंबई ने रोहित शर्मा का विकेट गंवाया था।

तिलक वर्मा को छठें ओवर की पहली गेंद पर रवि विश्नोई ने डायरेक्ट थ्रो करके रन आउट कर दिया। इसकी अगली ही गेंद पर मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या अपना विकेट गंवा बैठे। तिलक के बाद मैदान में आए हार्दिक पांड्या खाता भी नहीं खोल सके।

उनका विकेट ओवर की दूसरी ही गेंद पर नवीन-उल-हक की गेंद पर केएल राहुल ने कैच लपककर झटका। इस तरह से पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुंबई के लगातार दो विकेट गिरे।

यानि मुंबई ने पावर प्ले में चार विकेट पर मात्र 28 रन ही बनाए। मयंक यादव सातवां ओवर डालने उतरे जिनकी पहली ही गेंद 144.1 किमी प्रति घंटे की स्पीड से नेहाल के हेलमेट से जा टकराई।

पारी के आठवें ओवर की पहली ही गेंद पर ईशान किशन को तब जीवनदान मिला जब एश्टर्न टर्नर ने उनका कैच छोड़ दिया।
ईशान ने मयंक यादव के इस ओवर की पहली गेंद पर पर पुल किया और बॉल सीधे डीप मिडविकेट पर खड़े टर्नर के हाथों में गई, कैच लपकने में उनकी नाकामी के चलते गेंद पर टर्नर के मुंह पर लग गई।

नए बल्लेबाज नेहाल ने ईशान के साथ मिलकर पारी आगे बढ़ायी। मुंबई को पांचवां झटका तब लगा जब ईशान किशन 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।

उन्होंने 32 रन बनाए और रवि बिश्नोई की गेंद पर मयंक यादव को कैच थमा बैठे। इससे पहले इसी ओवर में ईशान किशन और नेहाल बढेरा ने 5वें विकेट के लिए 53 रन की अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की थी। पारी के 15वें ओवर में मयंक यादव ने 16 रन दे डाले, नेहाल बढेरा ने उनके ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया।

इसके अगले ही ओवर में मुंबई ने 100 पूरे कर लिए। यह ओवर रवि बिश्नोई ने फेंका जिनकी दूसरी गेंद पर नेहाल ने चौका जड़ते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और इसके चलते इस ओवर के बाद मुंबई ने 5 विकेट पर 106 रन बना लिए।

18वें ओवर में नेहाल बढेरा पवैलियन वापस लौट गए। नेहाल ने 41 गेंदों पर 4 चौके व 2 छक्के से 46 रन बनाए और वो इस ओवर की पहली गेंद पर मोहसिन खान का शिकार हो गए और ये मोहसिन ने अपना दूसरा विकेट चटकाया।

19वें ओवर की पहली गेंद पर मुंबई को सातवां झटका लगा जब मोहम्मद नबी को मयंक यादव ने बोल्ड किया। इसी गेंद पर मयंक यादव फिर चोट का शिकार हो गए जिसके चलते उनके ओवर की शेष पांच गेंद नवीन-उल-हक ने फेंकी।

अंत में टिम डेविड 35 रन और जेराल्ड कूट्जी 1 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ सुपर जाइंट्स की ओर से मोहसिन खान ने 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

मार्कस स्टोइनिस, नवीन-उल-हक, मयंक यादव व रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट साझा किए। तिलक वर्मा को रवि विश्नोई ने अपने सीधे थ्रो से रन आउट किया। इस मैच के लिए मयंक यादव ने लखनऊ के अंतिम एकादश में वापसी की है। मयंक पेट की मांसपेशी में खिंचाव के चलते बाहर हो गए थे। क्विंटन डी कॉक टीम में नहीं है।

Related Articles

Back to top button