Trending

‘2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी NDA सरकार’, लखनऊ में विपक्ष के ‘जातिगत चक्रव्यूह’ पर नितिन नवीन बोले- कार्यकर्ता ढहाएंगे विरोधियों का किला

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों का शंखनाद कर दिया है। अपने दो दिवसीय लखनऊ प्रवास के दौरान एनडीए के सहयोगी दलों, सांसदों और विधायकों के साथ हुई उच्च स्तरीय समन्वय बैठक के बाद नितिन नवीन ने दावा किया कि एनडीए आगामी चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगा।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा, पूरी तरह से भाजपा अपने आपको चुनाव मैदान में रखती है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए एनडीए के सभी सहयोगी दलों ने मिलकर काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस सेवा भाव के साथ जनता के लिए काम किया है, मुझे पूरी उम्मीद है कि 2027 में हम इतिहास दोहराएंगे।

 

विपक्ष के भ्रामक नैरेटिव और जातिगत राजनीति पर कड़ा प्रहार

 

बैठक के भीतर की कड़ियों को साझा करते हुए सूत्रों ने बताया कि नितिन नवीन ने विपक्ष के ‘जातिगत कार्ड’ पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने पार्टी के सभी जनप्रनिधियों और कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि विपक्ष एक बार फिर समाज को जातियों में बांटने की साजिश रच रहा है।

 

नितिन नवीन ने कहा, हमारी विचारधारा ‘नेशन फर्स्ट’ की है। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता या नेता किसी जातिगत खेमे में नहीं बंटेगा। विपक्ष सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जो भ्रामक नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहा है, हमें जमीन पर उतरकर उसे ध्वस्त करना होगा।

 

जनप्रतिनिधियों को सख्त हिदायत

 

बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों को दोटूक शब्दों में नसीहत दी कि अब दफ्तरों से बाहर निकलने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लाभार्थी जुड़े हैं, लेकिन अगर यह समर्थन वोटों में तब्दील होने में कहीं चूक रहा है, तो इसका मतलब है कि हमारा जनता से संवाद कमजोर हुआ है। इसी संवादहीनता को दूर करने के लिए नेताओं को हर छोटी-बड़ी संगठनात्मक बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा।

Related Articles

Back to top button