Trending

आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होगी नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर की 10वीं शीर्ष स्तरीय बैठक

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर की 10वीं शीर्ष स्तरीय बैठक होगी। गृह मंत्रालय ने बताया कि मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो-एनसीबी द्वारा आयोजित बैठक में केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और मादक पदार्थों की रोकथाम से जुड़ी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधि देश में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग से निपटने के प्रयासों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

गृह मंत्री मादक पदार्थों के नियंत्रण पर 2026-29 का दृष्टि पत्र जारी करेंगे जिसे हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। यह दस्तावेज़ नशीले पदार्थों की मांग और आपूर्ति में कमी लाने और पुनर्वास पर केंद्रित समन्वित उपायों के माध्‍यम से मादक पदार्थों के खतरे से निपटने की भविष्य की योजना प्रदान करेगा। यह सिंथेटिक ड्रग्स और डार्कनेट-द्वारा तस्करी की उभरती चुनौतियों से निपटने की रणनीति के साथ ही जागरूकता, उपचार और पुनर्वास सेवाओं को बढ़ावा देगा।

गृह मंत्री मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की 2025 की वार्षिक रिपोर्ट भी जारी करेंगे और जम्मू और गुवाहाटी में नवनिर्मित एनसीबी क्षेत्रीय कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। वे ऑनलाइन ड्रग निस्तारण पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत देश भर में लगभग 6 हज़ार करोड़ रुपये मूल्य के करीब 2 लाख 9 हजार 500 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को, कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार नष्ट किया जाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि बैठक का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी के विरूद्ध सरकार की शून्य-सहनशीलता नीति सुदृढ़ करना और नशामुक्त भारत के अभियान को आगे बढ़ाना है। बैठक में सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयास का आकलन और अगले तीन वर्षों में मादक पदार्थों के नियंत्रण की प्रभावी रणनीति तैयार करने के भी उपायों पर चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button