भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच कौशल सहयोग को मजबूत करने पर हुई चर्चा

नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह और ऑस्ट्रेलिया के कौशल एवं प्रशिक्षण मंत्री एंड्रयू जाइल्स के बीच बैठक हुई है । इस दौरान दोनों देशों के बीच चल रहे कौशल विकास सहयोग की समीक्षा की गई और इसे और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी कौशल सहयोग पर चर्चा की गई, जिसे दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। दोनों पक्षों ने इस सहयोग को और प्रभावी बनाने पर सहमति जताई।
भारतीय उच्चायोग ने कहा कि भारत और विक्टोरिया के बीच मजबूत साझेदारी मौजूद है, जिसकी नींव सक्रिय भारतीय प्रवासी समुदाय और लगातार बढ़ते संस्थागत संबंधों पर आधारित है। बैठक में दोनों पक्षों ने इस साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने म्यूचुअल रिकॉग्निशन ऑफ क्वालिफिकेशंस (एमआरक्यू) व्यवस्था को जल्द लागू करने पर सहमति व्यक्त की। इसके साथ ही ऐसे ब्रिज कोर्स विकसित करने पर भी जोर दिया गया, जिनसे पेशेवरों के कौशल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जा सके और श्रमिकों की आवाजाही को सुगम बनाया जा सके।
बैठक में विशेष रूप से उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) जैसे क्षेत्रों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलिया में आगामी बड़े खेल आयोजनों को देखते हुए तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित कार्यबल की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।



