Trending

धीरज-कुमकुम की सुनहरी जीत, दक्षिण कोरिया को हराकर जीता विश्व कप स्वर्ण

भारत के धीरज बोम्मादेवरा और युवा कुमकुम मोहोद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को सीधे सेट में हराकर रिकर्व मिश्रित टीम स्वर्ण पदक जीता।

धीरज और कुमकुम ने ओह ये जिन और किम जे देओक को 5-1 (37-36, 37-36, 39-39) से हराया। भारतीय जोड़ी ने खेल की सबसे मजबूत टीमों में से एक के खिलाफ संयमित और सटीक प्रदर्शन किया।

धीरज और कुमकुम ने फाइनल के दौरान अपना संयम बनाए रखा। ओलंपियन धीरज ने अपने आखिरी दो तीर से परफेक्ट 10 का स्कोर करके असाधारण संयम दिखाया और जीत पक्की की।

@india_archery

मिश्रित टीम स्पर्धा में धीरज और कुमकुम दोनों के लिए यह पहला विश्व कप स्वर्ण पदक है। भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले तीरंदाज धीरज अब दूसरे पदक की कोशिश में व्यक्तिगत सेमीफाइनल में उतरेंगे। कुमकुम इससे पहले पिछले महीने शंघाई विश्व कप चरण दो में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की महिला रिकर्व टीम का भी हिस्सा थीं।

विश्व कप चरण में भारत का पिछला रिकर्व मिश्रित टीम स्वर्ण 2022 में अंताल्या में ही आया था। तब रिद्धि फोर और तरुणदीप राय ने शूट ऑफ में ग्रेट ब्रिटेन की ब्रायोनी पिटमैन और एलेक्स वाइज को हराया था।

Related Articles

Back to top button