पीसीबी में बढ़ेगी दिग्गजों की भूमिका, सलाहकार पैनल का विस्तार करेंगे मोहसिन नकवी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी बोर्ड के कामकाज में सुधार और क्रिकेट से जुड़े फैसलों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपने सलाहकार पैनल में तीन से चार और पूर्व खिलाड़ियों को शामिल करने की योजना बना रहे हैं।
लाहौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नकवी ने बताया कि उनकी सलाहकार समिति में फिलहाल तीन पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन वह इस पैनल का विस्तार करना चाहते हैं। नकवी ने कहा, “मैं इस संबंध में कुछ पूर्व खिलाड़ियों से मुलाकात कर रहा हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि क्रिकेट से जुड़े मामलों पर फैसले उन्हीं लोगों को लेने चाहिए जिन्हें इस खेल की गहरी समझ और अनुभव हो।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता हूं कि क्रिकेट के जानकार ये पूर्व खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम, क्रिकेट से जुड़े विभिन्न मुद्दों और घरेलू क्रिकेट से संबंधित मामलों पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने में अपनी भूमिका निभाएं।” वर्तमान में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक और सरफराज अहमद उनके सलाहकारों में शामिल हैं। ऐसी खबरें हैं कि पूर्व कप्तान यूनिस खान और पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज से भी सलाहकार पैनल में शामिल होने को लेकर संपर्क किया गया है।



