Trending

शनाका के तूफान में उड़ा वेस्टइंडीज, श्रीलंका ने सीरीज में की बराबरी

वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को खेला गया। इस मुकाबले में मेजबान वेस्टइंडीज को श्रीलंका ने बुरी तरह हराया और हिसाब बराबर कर दिया, क्योंकि यह सीरीज का दूसरा मैच था।

पहला मुकाबला कैरेबियाई टीम ने जीता था। ऐसे में अब सीरीज का अंतिम मुकाबला सीरीज डिसाइडर होगा। उस मुकाबले को जो टीम जीतेगी, वही टीम इस सीरीज की विजेता कहलाएगी। 37 रन से श्रीलंका ने इस मैच में जीत दर्ज की। दसुन शनाका तूफानी अर्धशतक जड़ने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 194 रन बना दिए। शुरुआत श्रीलंका की अच्छी रही थी, लेकिन फिर 40 पर पहला विकेट गिरा, 42 पर दूसरा और 43 रन पर तीसरा विकेट गिरा। 88 रन पर चौथा विकेट गिरा। ऐसे में लग रहा था कि श्रीलंका की टीम जल्दी सिमट जाएगी। इसके बाद एक बड़ी साझेदारी हुई और उसने मैच में जान फूंकने का काम किया।

© AFP/Getty Images

श्रीलंका के लिए कामिल मिसारा ने 61 रन बनाए, जबकि दसुन शनाका ने 58 रन जड़कर मैच का रुख ही पलट दिया। 31 रन कप्तान कुसल मेंडिस ने बनाए और 24 रन कमिंडु मेंडिस ने बनाए। वेस्टइंडीज के लिए 3 विकेट समर जोसेफ ने चटकाए और दो विकेट मैथ्यू फोर्डे को मिले। एक सफलता समर स्प्रिंगर को मिली। वेस्टइंडीज के बाकी गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।

वेस्टइंडीज जब 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत अच्छी नहीं रही। 9 रन पर दो विकेट कैरेबियाई टीम ने खो दिए थे। इसके बाद टीम संभली जरूर और रन रेट भी अच्छा रहा, लेकिन इसके बाद फिर से लगातार विकेट वेस्टइंडीज ने खोए और टीम 157 रन पर ढेर हो गई।

© AFP/Getty Images

श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए टॉप स्कोरर रॉवमैन पॉवेल थे, जिन्होंने 43 रन बनाए, जबकि 36 रन शिमरोन हेटमायर ने बनाए। श्रीलंका के लिए दुश्मांता चमीरा और वानिंदु हसरंगा को 3-3 विकेट मिले, जबकि दुनिथ वेलालगे ने दो विकेट निकाले।

Related Articles

Back to top button