किसी से भी हार जाना, लेकिन पाकिस्तान से नहीं’— भारत-पाक मैच से पहले जेमिमा का बड़ा बयान
भारत और पाकिस्तान जब किसी टूर्नामेंट में आमने-सामने होती हैं तो सबकी नजरें उस मुकाबले पर रहती हैं। ये हाईवोल्टेड भिड़ंत एक बार फिर होने वाली है। इस बार भारतीय टीम और पाकिस्तान टीम के बीच महिला टी20 विश्व कप में हाईवोल्टेज मुकाबला होने की उम्मीद है।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ करेगी। जेमिमा रोड्रिग्स ने टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के खास दबाव के बारे में खुलकर बात की। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को बर्मिंघम में मुकाबला खेला जाएगा।
जेमिमाह ने कहा कि यह प्रतिद्वंद्विता किसी भी अन्य मैच से बिल्कुल अलग उम्मीदों और दबाव के साथ आती है। भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने आईएएनएस से कहा, ”मुझे याद है जब मैंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था। ड्रेसिंग रूम में हरमन दी ने हमसे बात की, उन्होंने कहा, ‘हम इस बात से इनकार न करें बाहर से दबाव है क्योंकि हम भारत बनाम पाकिस्तान के इतिहास को जानते हैं। हम जानते हैं कि फैंस क्या उम्मीद करते हैं।’

जेमिमा ने कहा, ”यहां तक कि मेरी बिल्डिंग का वॉचमैन भी कहता है, ‘किसी से भी हार जाना, लेकिन पाकिस्तान से मत हारना।’ यह उस तरह का दबाव है क्योंकि लोग क्रिकेट से बेहद प्यार करते हैं। वे इस राइवलरी से प्यार करते हैं।”
स्टार भारतीय बल्लेबाज का मानना है कि पिछले वर्ष महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और इसी वजह से आगामी महिला टी20 विश्व कप में भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है। महिला टी20 विश्व कप 12 जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहा है।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। पिछली बार 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड चैंपियन बना था।
भारत को ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। इस ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। जेमिमा ने कहा, ”हर कोई उसकी (वनडे विश्व कप जीत) सफलता का हिस्सा था। सभी जानते हैं कि दबाव कैसा होता है और हर कोई यह भी जानता है कि हमने एक बार यह कर दिखाया है और दोबारा भी कर सकते हैं। सभी में यह भरोसा है।”



