यूपी होम गार्ड भर्ती को लेकर CM योगी ने की समीक्षा मीटिंग

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : यूपी होम गार्ड भर्ती 2026 रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने होम गार्ड विभाग की समीक्षा की है। मीटिंग से निकल कर आ रहीं खबरों के मुताबिक यूपी होम गार्ड भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट सितंबर माह में जारी कर दिया जायेगा। ऐसे में लिखित परीक्षा का रिजल्ट जल्द ही घोषित किये जाने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से ऑफिशियल डेट की नोटिस जारी नहीं की गई है। रिटेन टेस्ट में निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार फिजिकल टेस्ट के लिए क्वालीफाई माने जायेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनरोलमेंट प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न करवाने का निर्देश दिया है। आपको बता दें कि इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को करवाया गया था जिसमें लाखों अभ्यर्थियों ने भाग लिया है। इन सभी अभ्यर्थियों को रिजल्ट का इंतजार है।
सीएम योगी ने होम गार्ड को राज्य आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा जनसेवा का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि विभाग के आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण क्षमता विस्तार, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन विकास से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए। सीएम योगी की ओर से किये गए ट्वीट के मुताबिक पुलिस व होमगार्ड का जवान समाज का फर्स्ट रिस्पांडर होता है। किसी भी घटना में पीड़ित के पास सबसे पहले यही पहुंचते हैं, इसलिए इन्हें सीपीआर व फर्स्ट एड की अनिवार्य रूप से ट्रेनिंग दी जाए।



